देश

सुवेंदु बंगाल के CM होंगे, राज्यपाल से मिले: सरकार बनाने का दावा पेश किया, कल शपथ, शाह बोले- महिला सुरक्षा टॉप प्रायोरिटी

सुवेंदु अधिकारी पश्चिम बंगाल के नए सीएम होंगे। कोलकाता में कन्वेंशन सेंटर में आयोजित विधायक दल की बैठक में उन्हें नेता चुना गया। बैठक के बाद अमित शाह ने उनके नाम का ऐलान किया।

इसके बाद सुवेंदु लोकभवन में राज्यपाल से मिले और सरकार बनाने का दावा पेश किया। सुवेंदु कल सुबह 11 बजे कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में मुख्यमंत्री की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह में PM मोदी, शाह समेत NDA के कई बड़े नेता शामिल होंगे।

उधर शाह ने विधायक दल की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि ममता जी के शासन में अपराधी राजनेता बन गए तो विकास की गुंजाइश ही नहीं रही। हम घुसपैठ, हिंसा, कट मनी खत्म करेंगे। महिला सुरक्षा टॉप प्रायोरिटी होगी।

56 साल के सुवेंदु ने CM ममता बनर्जी को भवानीपुर से हराया है। वे नंदीग्राम से भी लगातार दूसरी बार चुनाव जीते। यहां से 2021 में उन्होंने ममता को हराया था। भाजपा ने विधानसभा चुनाव में 207 सीटें जीती हैं।

शाह के संबोधन की 5 बड़ी बातें; कहा- बंगाल में भाजपा का झंडा फहराने का सपना पूरा

  • गंगोत्री से गंगासागर तक, आज भाजपा की सरकार: 100 साल की वैचारिक यात्रा के बाद गंगोत्री से गंगासागर तक, आज भाजपा की सरकार बनी है। 1950 से जिस विचार को लेकर हम निकले, श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचार को लेकर निकले। आज उनकी ही पार्टी की सरकार बनी।
  • बंगाल में भाजपा का झंडा फहराने का सपना पूरा हुआ: 370 हटी तो देश भर में कार्यकर्ताओं में खुशी थी। लेकिन कई कार्यकर्ताओं ने कहा था कि अभी भी एक कसक बची है। उन्होंने कहा कि बंगाल में भाजपा का झंडा फहराना है। वो भी आज पूरा हो गया।
  • भाजपा के 3 से 207 विधायक हुए: हमारे विधायकों के जीत का औसत मार्जिन 28 हजार है। 3 से 77 और 77 से 207 की यात्रा अभूतपूर्व है। 9 जिलों में टीएमसी का खाता तक नहीं खुला। दीदी का सूपड़ा साफ हो गया।
  • घुसपैठियों को चुन-चुनकर निकालेंगे: भाजपा का वादा है कि बंगाल की जनता को कि न सिर्फ बंगाल, पूरे देश से हम एक-एक घुसपैठियों को चुन-चुनकर निकालेंगे। ये ध्रुवीकरण का मुद्दा नहीं है। ये देश की सुरक्षा का मुद्दा है।
  • बंगाल की जनता को धन्यवाद: भाजपा पर भरोसा करके बंगाल की जनता को प्रचंड विजयी देने के लिए धन्यवाद। बंगाल की जनता ने जो अपेक्षाएं रखी हैं, हम पूरी कोशिश करेंगे कि आपके भरोसे को थोड़ा भी ठेस न पहुंचे।

सुवेंदु बोले- संदेशखाली और आरजी कर मामले की जांच के लिए आयोग बनांएगे

    • हमारे हजारों कार्यकर्ताओं ने सालों तक हिंसा, उत्पीड़न और झूठे मामलों का सामना किया है। अब BJP सरकार उनकी उम्मीदों पर खरा उतरने का काम करेगी।
    • महिला सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। संदेशखाली और आरजी कर मेडिकल कॉलेज जैसे मामलों की जांच के लिए आयोग बनाएंगे। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
    • पीएम नरेंद्र मोदी द्वारा किए गए सभी चुनावी वादों को लागू किया जाएगा। केंद्र और राज्य सरकार मिलकर काम करेंगी ताकि जनता की उम्मीदें पूरी हो सकें।
    • पार्टी का लक्ष्य पश्चिम बंगाल का पुनर्निर्माण करना है। रिटायर्ड जजों की अगुवाई में आयोग गठित किए जाएंगे, जो संस्थागत भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच करेंगे।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *