Home

बंगाल में फिर बवाल : शुभेंदु अधिकारी के PA की हत्या के बाद BJP कार्यकर्ता को मारी गोली

West Bengal : पश्चिम बंगाल के बसीरहाट में चुनाव के बाद की हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है। एक बार फिर इलाके में तनाव फैल गया, जब भाजपा कार्यकर्ता रोहित रॉय उर्फ ​​चिंटू को गोली मार दी गई। घटना बसीरहाट थाना क्षेत्र के गोत्रा ​​ग्राम पंचायत स्थित राजीव कॉलोनी की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, भाजपा कार्यकर्ता इलाके में पार्टी का झंडा फहराने पहुंचे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने इसका विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते बहस बढ़ेगी और मामला हिंसक झड़प में बदल गया।

झड़प के बीच चली गोली, हालत गंभीर

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच मारपीट और हंगामे के दौरान अचानक गोली चल गई, जो रोहित रॉय को जा लगी। गोली लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद इलाके में भारी तनाव का माहौल है। पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है और इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए हैं।

शुभेंदु अधिकारी के करीबी की हत्या से पहले ही गरम था माहौल

इस घटना से पहले भी पश्चिम Bengal की राजनीति उस वक्त गरमा गई थी, जब भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी और निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। बताया गया कि चंद्रनाथ रथ अपनी स्कॉर्पियो से जा रहे थे, तभी मध्यमग्राम के दोहरिया इलाके में हमलावरों ने उनका रास्ता रोक लिया और करीब 10 राउंड फायरिंग कर दी। उनके सीने से 5 गोलियां बरामद हुई थीं।

वायुसेना की नौकरी छोड़ राजनीति में आए थे चंद्रनाथ

चंद्रनाथ रथ पहले भारतीय वायुसेना में कार्यरत थे, लेकिन बाद में नौकरी छोड़ राजनीति में सक्रिय हो गए। उन्हें शुभेंदु अधिकारी का बेहद करीबी और भरोसेमंद सहयोगी माना जाता था। उनकी हत्या के बाद भाजपा ने राज्य सरकार और कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए थे। पश्चिम बंगाल में चुनाव बाद लगातार सामने आ रही हिंसक घटनाओं ने राजनीतिक माहौल को और तनावपूर्ण बना दिया है। भाजपा और तृणमूल कांग्रेस लगातार एक-दूसरे पर हिंसा फैलाने के आरोप लगा रहे हैं। फिलहाल पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *