गौरव सिंह मेमोरियल अंडर-14 टी-20 टूर्नामेंट का शुभारंभ, पहली बार लाइव प्रसारण

रांची: होनहार युवा क्रिकेटर स्वर्गीय गौरव सिंह की स्मृति में रेलवे यूथ स्पोर्ट्स अकैडमी द्वारा आयोजित 3rd एडिशन अंडर-14 टी-20 गौरव सिंह मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ साउथ रेलवे कॉलोनी मैदान में किया गया। झारखंड में पहली बार जूनियर क्रिकेट टूर्नामेंट का सीधा प्रसारण BD News Live On Network के माध्यम से किया जा रहा है।
उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड राज्य क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव सौरभ तिवारी उपस्थित रहे। अतिथि-विशेष के रूप में रांची जिला क्रिकेट संघ के सचिव शैलेंद्र कुमार तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में वार्ड पार्षद श्रीमती आरती कुमारी मौजूद रहीं।
कार्यक्रम की शुरुआत स्वर्गीय गौरव सिंह की तस्वीर पर माल्यार्पण और दो मिनट के मौन के साथ हुई। अपने संबोधन में सौरभ तिवारी ने गौरव सिंह को प्रतिभाशाली खिलाड़ी बताते हुए कहा कि उनका असमय निधन क्रिकेट जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने अकैडमी को हर संभव सहयोग देने का आश्वासन भी दिया।
इस अवसर पर अकैडमी के मुख्य कोच सह बीसीसीआई सीनियर वीडियो एनालिस्ट चंद्रदेव सिंह सहित कई वरिष्ठ खिलाड़ी—मनीष कुमार, आकाशदीप चौधरी, शिवम, आयुष आर्यन, कुणाल कुमार सिंह, मनीष कुमार पांडे, सुभाष कुमार यादव, प्रशांत कुमार, विमल कुमार एवं सोनू कुमार उपस्थित रहे।

