Home

कुख्यात प्रिंस खान के गुर्गों पर झारखंड ATS की पैनी नजर, मेजर से पूछताछ के बाद बनी सूची

Ranchi : कोयलांचल में आतंक का पर्याय बना प्रिंस खान के गुर्गों पर झारखंड एटीएस (आतंकवाद निरोधक दस्ता) की पैनी नजर है। एटीएस ने प्रिंस खान के गुर्गों की पूरी सूची तैयार की है। इस सूची में कारोबारियों/ठेकेदारो के नंबर उपलब्ध करवाने से लेकर रेकी और फायरिंग करने वाले अपराधियों का नाम है। झारखंड एटीएस ने यह सूची सैफी उर्फ मेजर से पूछताछ के बाद तैयार की। इन सभी अपराधियों की पूरी प्रोफाइल बन चुकी है। झारखंड एटीएस की टीम जल्द इन लोगों के ठिकानों पर छापेमारी करेगी। सूत्रों का कहना है कि एटीएस इस बार प्रिंस खान के पूरे गैंग पर एक साथ प्रहार करेगी, ताकि इनके कुनबा का कोई भी महत्वपूर्ण सदस्य बच न सकें। इसके अलावा भी सैफी उर्फ मेजर ने कई महत्वपूर्ण सूचना एटीएस की टीम को बताया है। एटीएस की टीम इस बार प्रिंस खान के पूरे कुनबे को हमेशा के लिए खत्म करने में जुटी है।

राज्यभर के अपराधियों की पूरी प्रोफाइल तैयार कर रही एटीएस

सूत्रों का कहना है कि झारखंड एटीएस राज्यभर के अपराधियों की पूरी प्रोफाइल तैयार करने में जुटी है। एटीएस के कई पदाधिकारियों को इस महत्वपूर्ण काम में लगाया गया है। इस सूची में अपराधियों के अलावा उनके रहनुमाओं का भी नाम तैयार किया जा रहा है, ताकि समय पर ऐसे लोगों पर भी लगाम लगाया जा सके। इसके अलावा दूसरे राज्यों से भी अपराधिक गैंग को हथियार व गोली उपलब्ध कराने वालों की भी सूची बन रही है।

अंतिम बार प्रिंस खान से दुबई में हुई थी मुलाकात

एटीएस को पूछताछ में सैफी उर्फ मेजर ने बताया अंतिम बार कुख्यात प्रिंस खान से दुबई में मुलाकात हुई थी। उस वक्त प्रिंस खान काफी खौफ में चल रहा था। झारखंड में लगातार प्रिंस खान के गैंग पर हो रहे हमले के बाद से उसके चेहरे पर घबराहट दिख रही थी। मुलाकात के दौरान प्रिंस खान ने कारोबारियों पर पैसा को लेकर लगातार दबाव बनाने की बात कही थी। इसके अलावा गैंग के सदस्यों को बढ़ाने की भी वार्ता हुई थी।

दुबई से डंकी रूट के जरिए पहुंचा पाकिस्तान

पूछताछ में सैफी ने बताया कि दुबई में इंटरपोल की दबिश बढ़ने के बाद प्रिंस खान काफी परेशान था। गिरफ्तारी के डर से उसने दुबई छोड़ने की योजना बनाई। इस दौरान जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े एक सहयोगी की मदद से वह डंकी रूट के जरिए ओमान पहुंचा और वहां से पाकिस्तान के पंजाब प्रांत चला गया। सैफी के मुताबिक पाकिस्तान पहुंचने के बाद प्रिंस को आईएसआई द्वारा संचालित जैश-ए-मोहम्मद के एक सेंटर में शरण दी गई। उसने पुलिस को यह भी बताया कि वहां प्रिंस किन लोगों के संपर्क में है और किसके संरक्षण में रह रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *