Home

2 दर्जन से ज्यादा मामलों में वांटेड TSPC का सब जोनल कमांडर अरविंद जी गिरफ्तार, हथियार और गोलियां जब्त

Ranchi : रांची पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन टीएसपीसी (TSPC) के सब जोनल कमांडर विरम राम उर्फ विक्रम जी उर्फ अरविंद जी को गिरफ्तार कर लिया गया है। वह लंबे समय से पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ था और कई उग्रवादी घटनाओं में फरार चल रहा था। रांची के रुरल एसपी गौरव गोस्वामी ने मीडिया को बताया कि एसएसपी राकेश रंजन को बीते तीन मई को गुप्त सूचना मिली थी कि विरम राम चंदवा थाना क्षेत्र के धोबी टोला में छिपा हुआ है। इसके बाद एसपी ग्रामीण के निर्देशन में डीएसपी खलारी के नेतृत्व में विशेष छापामारी टीम गठित की गई। टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से आरोपी के घर को चारों ओर से घेर लिया। इसी दौरान विरम राम घर के पीछे से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस ने उसे दबोच लिया।

पूछताछ में कबूले कई राज

गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में विरम राम ने कई उग्रवादी घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उसने बुढ़मू थाना क्षेत्र में ईंट भट्ठा पर हुई फायरिंग की घटना में भी अपनी भूमिका मानी है। उसकी निशानदेही पर बुढ़मू थाना क्षेत्र के छापर गांव स्थित एक अर्धनिर्मित मकान से हथियार और अन्य सामान बरामद किए गए। पुलिस ने आरोपी के पास से एक 9 एमएम पिस्टल, एक मैग्जीन, 7 जिंदा गोलियां, एक एंड्रॉयड मोबाइल और दो राउटर बरामद किए हैं।

15 साल से संगठन में था सक्रिय

एसपी गौरव गोस्वामी के अनुसार, विरम राम पिछले करीब 15 वर्षों से TSPC संगठन से जुड़ा हुआ था। वह बुढ़मू, ठाकुरगांव, पतरातू, खलारी, कांके, केरेडारी, पिपरवार, पिठोरिया, मैक्लुस्कीगंज और रातू इलाके में सब जोनल कमांडर के रूप में एक्टिव था। वह जमीन कारोबारियों, ठेकेदारों, ईंट भट्ठा मालिकों और कोयला कारोबारियों से रंगदारी वसूलता था। पैसे नहीं देने पर फायरिंग और आगजनी जैसी घटनाओं को अंजाम देता था। विरम राम पर पिठोरिया, बुढ़मू, ठाकुरगांव, कांके, रातू और मैक्लुस्कीगंज थाना क्षेत्रों में दो दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। इनमें रंगदारी, फायरिंग, आगजनी और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं।

अन्य सहयोगियों पर भी कार्रवाई जल्द

एसपी ने बताया कि उसके दस्ते के कई सदस्य पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं। बाकी फरार सदस्यों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही उन्हें भी पकड़ लिया जाएगा। साथ ही, उसे मदद पहुंचाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *