Home

रामगढ़ सदर अस्पताल हो रहा हाईटेक : मोबाइल से रजिस्ट्रेशन, पेपरलेस इलाज की तैयारी तेज

Ramgarh : झारखंड के रामगढ़ जिले के सदर अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक बनाने की दिशा में तेजी से काम चल रहा है। इसी कड़ी में स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त सचिव विद्यानंद शर्मा पंकज ने अस्पताल का निरीक्षण किया और वहां की डिजिटल सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान संयुक्त सचिव ने अस्पताल में मौजूद डिजिटल सिस्टम, मरीजों को मिलने वाली सुविधाएं, रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया और डेटा मैनेजमेंट को करीब से देखा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सिस्टम को और बेहतर और सुचारू बनाया जाए, ताकि मरीजों को किसी तरह की परेशानी न हो।

पेपरलेस सिस्टम लागू करने की तैयारी

अधिकारियों ने बताया कि पूरे जिले के सरकारी अस्पतालों को धीरे-धीरे पेपरलेस सिस्टम की ओर ले जाया जा रहा है। इसका मकसद कागजी कामकाज को कम करना और इलाज की प्रक्रिया को तेज और आसान बनाना है। इस नई व्यवस्था के तहत मरीज अपने मोबाइल में ‘आभा ऐप’ डाउनलोड कर रजिस्ट्रेशन कर सकेंगे। इसके बाद उन्हें इलाज और जांच के लिए लंबी लाइनों में नहीं लगना पड़ेगा और न ही कागजी दस्तावेज संभालने की झंझट रहेगी।

मरीजों को मिलेगी बड़ी राहत

डिजिटल सिस्टम लागू होने के बाद अस्पताल की सेवाएं ज्यादा पारदर्शी, तेज और सुविधाजनक हो जाएंगी। इससे मरीजों का समय बचेगा और इलाज की प्रक्रिया भी काफी आसान हो जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *