Home

महिला आरक्षण पर पकड़ी गई कांग्रेस की चोरी, विपक्ष बहा रहा घड़ियाली आंसू: नीरा यादव

Koderma: कोडरमा से भाजपा विधायक नीरा यादव ने प्रदेश कार्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर कांग्रेस और विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण के मुद्दे पर विपक्ष का दोहरा चरित्र अब देश के सामने पूरी तरह उजागर हो चुका है। अपनी राजनीतिक विफलता को छिपाने के लिए विपक्षी दल अब जनता के सामने घड़ियाली आंसू बहा रहे हैं।

नीरा यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी महिला सशक्तिकरण और लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य के साथ 16 से 18 अप्रैल तक एक विशेष सत्र बुलाया गया था ताकि सर्वसम्मति से इतिहास रचा जा सके। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सभी दलों से राजनीति से ऊपर उठकर राष्ट्रहित में सहयोग की अपील की थी, लेकिन कांग्रेस और उसके सहयोगियों ने इस ऐतिहासिक अवसर को गंवा दिया।

राहुल गांधी और विपक्ष पर साधा निशाना

विधायक ने आरोप लगाया कि जब विशेष सत्र चल रहा था, तब राहुल गांधी अपने संबोधन में गंभीर मुद्दों के बजाय दूसरी बातें करते रहे और महिलाओं के हक में एक शब्द भी नहीं कहा। उन्होंने कहा कि विधेयक पास न होने पर विपक्षी दल उत्सव मना रहे थे, लेकिन जब देश भर में महिलाओं ने इसका विरोध शुरू किया, तो अपनी साख बचाने के लिए कांग्रेस अब धरना-प्रदर्शन और पोस्टकार्ड भेजने का नाटक कर रही है।

परिसीमन के बहाने पर सवाल

नीरा यादव ने कांग्रेस द्वारा परिसीमन को आधार बनाकर किए जा रहे विरोध पर सवाल उठाया। उन्होंने पूछा कि क्या बिना परिसीमन के आरक्षण लागू करना संभव है? उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा महिलाओं को केवल वोट बैंक समझा और 60 सालों तक उन्हें ठगा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह अधिनियम किसी एक दल की महिलाओं के लिए नहीं बल्कि पूरे देश की नारी शक्ति के लिए है।

जनता नहीं करेगी माफ

प्रेस वार्ता के दौरान नीरा यादव ने कहा कि देश की माताएं और बहनें अब विपक्ष के झांसे में आने वाली नहीं हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि जब तक प्रधानमंत्री मोदी और एनडीए की सरकार है, महिलाओं को अपने अधिकारों के लिए चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। इस प्रेस वार्ता में महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष आरती सिंह और रांची की महापौर रोशनी खलखो भी मुख्य रूप से उपस्थित थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *