खेल

सिमडेगा जिला स्थापना रजत जयंती पर 7वीं सब-जूनियर महिला हॉकी चैंपियनशिप का भव्य उद्घाटन


सिमडेगा, 30 अप्रैल 2026:
सिमडेगा जिला स्थापना के रजत जयंती महोत्सव के अवसर पर आयोजित 7वीं सब-जूनियर सिमडेगा जिला महिला हॉकी चैंपियनशिप 2026 का भव्य उद्घाटन न्यू अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम, सिमडेगा में किया गया। उद्घाटन समारोह में उपायुक्त श्रीमती कंचन सिंह, नगर परिषद अध्यक्ष ओलीभर लकड़ा तथा अपर समाहर्ता ज्ञानेंद्र जी ने ट्रॉफी का अनावरण कर एवं खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया।

उपायुक्त कंचन सिंह ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि वे मेहनत और लगन से खेलते हुए अपने परिवार, जिले और राज्य का नाम रोशन करें। उन्होंने यह भी कहा कि जिले में अब दो एस्ट्रोटर्फ मैदान उपलब्ध हैं, जिससे खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण सुविधाएं मिलेंगी।

यह प्रतियोगिता जिला प्रशासन (खेल शाखा) सिमडेगा एवं हॉकी सिमडेगा के संयुक्त तत्वावधान में 30 अप्रैल से 3 मई 2026 तक न्यू अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम एवं पूर्व निर्मित एस्ट्रोटर्फ स्टेडियम में आयोजित की जा रही है।

प्रतियोगिता में जिले के सभी 9 प्रखंडों से कुल 16 टीमों की 288 अंडर-16 महिला खिलाड़ी भाग ले रही हैं। आयोजन समिति द्वारा सभी टीमों को जर्सी प्रदान की गई है तथा प्रत्येक मैच में ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ को मोमेंटो देकर सम्मानित किया जा रहा है। कुल 32 मैच खेले जाएंगे।

पहले दिन के मैच परिणाम

पहले दिन दोनों मैदानों पर कुल 5 मुकाबले खेले गए:

  • सिनी सिमडेगा ने केवीएस सिमडेगा को 3-0 से हराया। सुचिता मुंडू ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ रहीं।
  • टेसर और बरवाडीह के बीच मुकाबला 1-1 से ड्रॉ रहा। ब्यूटी प्रीति कुल्लू को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।
  • बांसजोर ने ग्रीन गार्डेन खूंटी टोली को 8-0 से पराजित किया। प्रतिमा कुमारी ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ रहीं।
  • लोंबोई ने पीएम श्री विद्यालय बासेन को 13-0 से हराया। ओमलीना मुंडू ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ बनीं।
  • करंगागुड़ी और रेंगारी के बीच मुकाबला गोलरहित ड्रॉ रहा। प्रीति मांझी ‘बेस्ट प्लेयर ऑफ द मैच’ रहीं।

भाग लेने वाली टीमें

प्रतियोगिता में बानो, कोलेबिरा, जलडेगा, बांसजोर, ठेठईटांगर, बोलबा, केरसई, पाकरटांढ़ तथा सिमडेगा प्रखंड सहित विभिन्न क्षेत्रों की टीमें भाग ले रही हैं।

आयोजन में योगदान

इस आयोजन को सफल बनाने में जिला खेल पदाधिकारी मनोज कुमार, हॉकी सिमडेगा के अध्यक्ष मनोज कोणबेगी, कमलेश्वर मांझी, कोच, कर्मचारी, अंपायर एवं खेल विभाग के अन्य अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *