Home

निजी स्कूलों की फीस वृद्धि पर एसोसिएशन ने उपायुक्त को भेजा मेल

रांची, 29 अप्रैल । झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन ने निजी विद्यालयों की ओर से शैक्षणिक सत्र 2026-27 में की गई फीस वृद्धि और अतिरिक्त शुल्क वसूली काे लेकर एसोसिएशन उपायुक्त, रांची को ईमेल के माध्यम से ज्ञापन भेजकर त्वरित कार्रवाई करने की मांग की है।

एसोसिएशन अध्यक्ष ने बुधवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से आरोप लगाते हुए कहा है कि जिले के अधिकांश निजी विद्यालयों ने एक साथ फीस बढ़ा दी है। इसके अलावा एनुअल चार्ज, डेवलपमेंट चार्ज, कंप्यूटर फीस सहित विभिन्न मदों में अतिरिक्त राशि वसूली जा रही है, जिससे अभिभावकों पर भारी आर्थिक बोझ बढ़ गया है।

राय ने कहा कि इस संबंध में लगातार शिकायतें दिए जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। 21 अप्रैल 2026 को प्रस्तावित निजी स्कूल प्रबंधन और प्रशासन की बैठक भी आयोजित नहीं हो सकी, जिससे अभिभावकों में नाराजगी है।

एसोसिएशन ने आरोप लगाया कि झारखंड शिक्षा न्यायाधिकरण (संशोधन) अधिनियम 2017 के तहत गठित जिला स्तरीय फीस निर्धारण समिति की अब तक एक भी बैठक नहीं हुई है। कई स्कूल सीबीएसई और आईसीएसई निर्देशों के विपरीत वेबसाइट पर पुस्तक सूची जारी नहीं कर रहे हैं और अभिभावकों को सिंगल वेंडर से किताबें खरीदने को विवश कर रहे हैं।

एसोसिएशन ने फीस निर्धारण समिति की तत्काल बैठक, शुल्क संरचना की जांच, अवैध वसूली पर कार्रवाई, पुस्तक सूची ऑनलाइन जारी करने और सिंगल वेंडर व्यवस्था समाप्त करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *