Home

गढ़वा में झामुमो का विरोध प्रदर्शन, विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी का पुतला दहन

Garhwa : गढ़वा में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) जिला कमेटी के नेतृत्व में विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। कार्यकर्ताओं ने टाउन हॉल मैदान से रंका मोड़ तक शवयात्रा निकालकर प्रदर्शन किया और घंटाघर के पास विधायक का पुतला दहन किया। झामुमो कार्यकर्ताओं का आरोप है कि विधायक ने सार्वजनिक मंचों पर महिलाओं के खिलाफ कथित अभद्र टिप्पणी की है। इसी के विरोध में पूरे शहर में नारेबाजी करते हुए मार्च निकाला गया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि विधायक अपनी राजनीतिक मर्यादा भूल चुके हैं और अनुचित भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं।

जिलाध्यक्ष का तीखा हमला

पुतला दहन के बाद आयोजित जनसभा में झामुमो जिलाध्यक्ष शंभु राम ने विधायक पर कड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि अलकतरा घोटाला मामले में सीबीआई कोर्ट द्वारा आरोप तय होने के बाद विधायक बौखला गए हैं और इसी वजह से वे महिलाओं और विरोधियों के खिलाफ आपत्तिजनक बयान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि विधायक के पास कोई सबूत है तो उसे कानून के सामने पेश करें, न कि सार्वजनिक मंच से अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करें।

महिला मोर्चा समेत कई नेता शामिल

इस विरोध प्रदर्शन में झामुमो के कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष रेखा चौबे, युवा मोर्चा के संजय सिंह छोटू, सचिव शरीफ अंसारी, केंद्रीय सदस्य जवाहर पासवान और मनोज ठाकुर समेत कई नेताओं ने भी विधायक की कार्यशैली की निंदा की। नेताओं ने कहा कि गढ़वा की जनता अब सब देख रही है और आने वाले समय में इसका राजनीतिक जवाब दिया जाएगा। इस घटना के बाद जिले का राजनीतिक माहौल और गरमा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *