Home

9वीं झारखंड स्टेट कराटे चैंपियनशिप का सफल समापन, खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

रांची में आयोजित 9वीं झारखंड स्टेट सब-जूनियर, कैडेट एवं जूनियर कराटे चैंपियनशिप–2026 का आज सफलतापूर्वक समापन हो गया। दो दिवसीय इस प्रतियोगिता का आयोजन स्पोर्ट्स कराटे एसोसिएशन ऑफ़ झारखंड के तत्वावधान में किया गया, जिसमें राज्यभर से बड़ी संख्या में खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।

समापन समारोह में समाज कल्याण विभाग की निदेशक किरण पासी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्हें एसोसिएशन के सीईओ सेंसाई के.के. सिंह, अध्यक्ष हांशी मानस सिन्हा एवं सचिव सेंसाई हेजाज़ असदक द्वारा शॉल ओढ़ाकर, पौधा एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान कराटे खिलाड़ियों ने टीम काता एवं बुनकाई का आकर्षक प्रदर्शन कर दर्शकों को प्रभावित किया। मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि झारखंड में खेलों के प्रति युवाओं की रुचि लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कराटे जैसे खेल को न केवल शारीरिक विकास बल्कि आत्मरक्षा के लिए भी अत्यंत उपयोगी बताया।

उन्होंने विशेष रूप से बालिकाओं को कराटे अपनाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि यह खेल महिलाओं की सुरक्षा और आत्मविश्वास को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इस अवसर पर मुख्य अतिथि द्वारा विजेता खिलाड़ियों को मेडल एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

न्यूज़ लिखे जाने तक 7 से 13 वर्ष आयु वर्ग के बालक एवं बालिकाओं के काता वर्ग की सभी प्रतियोगिताएं तथा कुमिते वर्ग में 11 वर्ष तक की स्पर्धाएं संपन्न हो चुकी थीं। शेष परिणामों की घोषणा अगले दिन किए जाने की जानकारी आयोजकों द्वारा दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *