Home

नेशनल जूनियर फेडरेशन कप में अफरोज अहमद को रजत, एशियन क्वालीफाइंग से मामूली अंतर से चूके

हजारीबाग के प्रतिभाशाली एथलीट अफरोज अहमद ने कर्नाटक के तुमकुर स्थित महात्मा गांधी स्टेडियम तुमकुर में आयोजित 24वीं नेशनल जूनियर फेडरेशन कप अंडर-20 एथलेटिक्स प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए ऊंची कूद स्पर्धा में रजत पदक अपने नाम किया।

यह प्रतियोगिता एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया एवं कर्नाटक एथलेटिक्स संघ के संयुक्त तत्वावधान में 24 से 26 अप्रैल तक आयोजित की गई थी, जिसमें देशभर के उभरते एथलीटों ने हिस्सा लिया।

अफरोज अहमद ने 2.09 मीटर की छलांग लगाकर दूसरा स्थान हासिल किया। हालांकि वे अगले माह एशियन जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप, हांगकांग के लिए निर्धारित 2.11 मीटर के क्वालीफाइंग मार्क से मात्र 2 सेंटीमीटर से चूक गए, जिससे वे बेहद करीब होकर भी चयन से वंचित रह गए।

इस स्पर्धा में स्वर्ण पदक नेवी के बसंत ने 2.21 मीटर की ऊंचाई पार कर नया मीट रिकॉर्ड बनाते हुए जीता, जबकि दिल्ली के आकाश वर्मा ने 2.06 मीटर के साथ कांस्य पदक हासिल किया।

अफरोज की इस उपलब्धि पर राज्य के खेल मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, खेल विभाग के सचिव मुकेश कुमार, खेल निदेशक आरिफ इकराम, झारखंड एथलेटिक्स संघ के प्लानिंग कमिटी चेयरमेन डॉ. मधुकांत पाठक, अध्यक्ष सी.डी. सिंह, सचिव एस.के. पांडे, हजारीबाग के सचिव अजीत साहू तथा टीम कोच आशु भाटिया समेत कई पदाधिकारियों ने उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *