रांची

रांची में ड्रग्स नेटवर्क पर पुलिस कसेगी शिकंजा, SSP ने दिए अभियान के निर्देश

Ranchi : रांची में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अब पुलिस बड़ा अभियान चलाएगी। रांची एसएसपी राकेश रंजन ने रविवार को इसको लेकर अहम बैठक की। बैठक में शहर में ड्रग्स नेटवर्क की पहचान, हॉट स्पॉट चिन्हित करने और नशे के कारोबार से जुड़े लोगों पर सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया गया।

कई थानों की पुलिस मिलकर करेगी कार्रवाई

26 अप्रैल को दोपहर 3:30 बजे से हुई इस समीक्षा बैठक में सिटी एसपी पारस राणा, रूरल एसपी गौरव गोस्वामी, ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह, कोतवाली एएसपी, कई डीएसपी और शहर के प्रमुख थाना प्रभारी शामिल हुए। एसएसपी ने साफ कहा कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई अब संयुक्त रूप से होगी। कई थानों की पुलिस मिलकर अभियान चलाएगी।

ड्रग्स हॉट स्पॉट होंगे चिन्हित

बैठक में निर्देश दिया गया कि शहर में ड्रग्स नेक्सस को चिन्हित किया जाए। जिन इलाकों में नशे का कारोबार या नशेबाजी की शिकायतें मिल रही हैं, उन्हें हॉट स्पॉट के रूप में चिन्हित कर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ऐसे ठिकानों पर लगातार निगरानी रखेगी।

बेल पर बाहर आए अपराधियों पर नजर

एनडीपीएस एक्ट और गंभीर अपराध के मामलों में जेल से बेल पर बाहर आए आरोपियों की गतिविधियों पर भी पुलिस कड़ी नजर रखेगी। एसएसपी ने कहा कि ऐसे लोगों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

मंदिर, पार्क और मैदानों में बढ़ेगी गश्ती

जिले के प्रमुख मंदिरों, सार्वजनिक स्थलों, खेल मैदानों और पार्कों में पुलिस की गश्ती बढ़ाई जाएगी। इन जगहों पर नशेबाजी और अड्डेबाजी के खिलाफ विशेष अभियान चलेगा।

आदतन अपराधियों पर सीसीए की तैयारी

बैठक में आदतन एनडीपीएस अपराधियों के खिलाफ निगरानी बढ़ाने और जरूरत पड़ने पर सीसीए का प्रस्ताव भेजने का निर्देश दिया गया। तीनों एसपी इस अभियान की रोजाना समीक्षा करेंगे।

महिला अपराधों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश

एसएसपी राकेश रंजन ने क्राइम अगेंस्ट वूमेन से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया। साथ ही रांची जिले में विधि व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए कार्ययोजना बनाकर उसे लागू करने को कहा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *