Home

रिम्स में एंबुलेंस सिस्टम पर सख्ती: बिना लाइसेंस वालों पर कार्रवाई

Ranchi : रिम्स परिसर में निजी एंबुलेंसों की अनियमितता और अव्यवस्था को देखते हुए रिम्स प्रबंधन ने सख्त कदम उठाने का फैसला किया है। अब परिसर में चलने वाली सभी एंबुलेंस का पूरा डेटा तैयार किया जाएगा और उनकी गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी।

वैध लाइसेंस नहीं तो होगी कार्रवाई, एंबुलेंस की होगी जांच

रिम्स प्रबंधन ने साफ कर दिया है कि जिन एंबुलेंस के पास वैध कमर्शियल लाइसेंस नहीं होगा, उनके खिलाफ संबंधित विभाग को रिपोर्ट भेजी जाएगी और नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि इससे अवैध रूप से चल रही एंबुलेंस सेवाओं पर रोक लगाने में मदद मिलेगी।

इसके साथ ही यह भी सामने आया है कि कुछ एंबुलेंस के जरिए अनैतिक गतिविधियां संचालित किए जाने की आशंका है। ऐसे मामलों में पकड़े जाने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

साइलेंस जोन में सख्ती, पार्किंग व्यवस्था भी बदलेगी

रिम्स परिसर को साइलेंस जोन घोषित किया गया है, इसलिए सभी एंबुलेंस चालकों को निर्देश दिया गया है कि परिसर में प्रवेश के बाद सायरन का उपयोग बंद रखें, ताकि मरीजों और परिजनों को शोर से परेशानी न हो।

साथ ही परिसर में पार्किंग व्यवस्था को भी सुधारने की तैयारी चल रही है। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया जारी है। टेंडर पूरा होने के बाद अलग-अलग वाहनों के लिए व्यवस्थित पार्किंग तय की जाएगी, जिससे परिसर में भीड़ और अव्यवस्था कम होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *