ICC ने क्रिकेट के 6 नियमों में किया बदलाव, 2 जुलाई 2025 से वनडे और T20 में होंगे लागू
दुबई/नई दिल्ली: इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने हाल ही में क्रिकेट को और अधिक तेज, निष्पक्ष और रोमांचक बनाने के लिए पुरुष क्रिकेट के 6 महत्वपूर्ण नियमों में बदलाव किया है। ये बदलाव टेस्ट, वनडे और टी-20 तीनों फॉर्मेट में लागू किए जाएंगे। टेस्ट क्रिकेट में ये नियम वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 के लिए प्रभावी हो चुके हैं, जबकि सीमित ओवरों के फॉर्मेट में ये नियम 2 जुलाई 2025 से लागू होंगे।
ICC ने सभी सदस्य देशों को इन बदलावों की जानकारी साझा कर दी है। आइए जानते हैं कौन-कौन से नियम बदले गए हैं:
1. टेस्ट क्रिकेट में स्टॉप क्लॉक नियम लागू
अब टेस्ट क्रिकेट में भी स्टॉप क्लॉक नियम लागू किया गया है। इसके तहत, यदि फील्डिंग टीम नया ओवर शुरू करने में 60 सेकंड से ज्यादा का समय लेती है, तो उसे पहली दो बार चेतावनी दी जाएगी। तीसरी बार ऐसा होने पर 5 रन की पेनल्टी दी जाएगी। यह नियम वनडे और टी-20 में पहले ही लागू है।
2. जानबूझकर शॉर्ट रन पर सजा
अब यदि कोई बल्लेबाज जानबूझकर शॉर्ट रन लेकर एक्स्ट्रा रन चुराने की कोशिश करता है, तो न केवल 5 रन की पेनल्टी लगेगी, बल्कि अंपायर फील्डिंग टीम से पूछकर यह तय करेंगे कि पिच पर खड़े दोनों बल्लेबाजों में से अगली गेंद पर स्ट्राइक पर कौन रहेगा। यह नियम सभी फॉर्मेट पर लागू होगा।
3. गलती से लार लगाने पर नहीं बदलेगी गेंद
गेंद पर लार (सलाइवा) लगाना पहले की तरह बैन रहेगा। लेकिन अब अगर कोई खिलाड़ी गलती से लार लगा देता है, तो बॉल बदलना अनिवार्य नहीं होगा। अंपायर सिर्फ तभी गेंद बदलेंगे जब उसमें कोई बड़ा बदलाव दिखे, जैसे ज्यादा गीली हो या अत्यधिक चमक आ जाए। यह फैसला पूरी तरह अंपायर के विवेक पर निर्भर करेगा।
4. कैच रिव्यू में अब LBW की भी जांच होगी
अब यदि कोई कैच आउट रिव्यू में नॉट आउट होता है, लेकिन गेंद बल्लेबाज के पैड पर लगती है, तो थर्ड अंपायर अब LBW की जांच भी कर सकते हैं। अगर बल्लेबाज LBW आउट होता है, तो उसे आउट करार दिया जाएगा। यह नियम भी तीनों फॉर्मेट में लागू होगा।
5. नो बॉल पर कैच की स्थिति स्पष्ट
यदि कोई गेंद नो बॉल होती है और बल्लेबाज कैच आउट होता है, तो अब थर्ड अंपायर कैच की भी जांच करेगा।
- अगर कैच सही है, तो बल्लेबाज आउट नहीं माना जाएगा, लेकिन बल्लेबाजी टीम को एक रन (नो बॉल का) मिलेगा।
- अगर कैच गलत है, तो टीम को नो बॉल का रन और रन दौड़कर बनाए हुए भी दिए जाएंगे।
पहले इस स्थिति में कैच की जांच नहीं होती थी।
6. टी-20 में पावरप्ले के नियमों में बदलाव
अब टी-20 में बारिश या अन्य वजहों से ओवर घटाए जाने की स्थिति में पावरप्ले ओवर भी उसी अनुपात में घटेंगे।
उदाहरण के लिए:
- 5 ओवर के मैच में 1.3 ओवर पावरप्ले
- 10 ओवर के मैच में 3 ओवर
- 16 ओवर के मैच में 4.5 ओवर पावरप्ले
पावरप्ले के दौरान सिर्फ दो फील्डर 30 गज के दायरे से बाहर रह सकते हैं। यह नियम छोटे मैचों को संतुलित और निष्पक्ष बनाए रखने के उद्देश्य से लाया गया है।
इन नए नियमों से क्रिकेट का खेल अधिक प्रोफेशनल, पारदर्शी और रोमांचक बनने की उम्मीद है। ICC का यह कदम खेल को आधुनिक समय की जरूरतों के अनुसार सुधारने और गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
