रांची

पद्म भूषण कड़िया मुंडा की तबीयत अचानक बिगड़ी, CM हेमंत सोरेन ने की मुलाकात

रांची, 23 जनवरी । पूर्व लोकसभा उपाध्यक्ष और पद्म भूषण सम्मानित वरिष्ठ नेता कड़िया मुंडा की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें रांची के मेडिका अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी बिगड़ती तबीयत को देखते हुए उन्हें चिकित्सकों की सलाह पर निगरानी में रखा गया है।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी पत्नी और गांडेय विधायक कल्पना सोरेन के साथ अस्पताल पहुंचे और कड़िया मुंडा का हालचाल जाना। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन और वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. विजय मिश्रा से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

इसके अलावा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी तथा भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने भी कड़िया मुंडा से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी प्राप्त की।

अस्पताल प्रशासन के अनुसार, सोमवार शाम को कड़िया मुंडा की तबीयत बिगड़ गई थी। वह नियमित जांच के लिए आए थे, लेकिन स्थिति को देखते हुए उन्हें भर्ती करना पड़ा। फिलहाल वे चिकित्सकीय निगरानी में हैं और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

उल्लेखनीय है कि कड़िया मुंडा झारखंड के खूंटी लोकसभा क्षेत्र से आठ बार सांसद रह चुके हैं और आदिवासी समुदाय में उनकी गहरी पैठ है। वे भारतीय राजनीति के एक वरिष्ठ और सम्मानित चेहरा माने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *