Home

लातेहार में छत्तीसगढ़ के मजदूर को बेरहमी से पीटा, पैसे को लेकर विवाद

Latehar : महुआडांड़ थाना क्षेत्र में काम करने आए एक मजदूर के साथ बेरहमी से मारपीट का मामला सामने आया है। घायल युवक की पहचान राजेंद्र यादव के रूप में हुई है, जो छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के बगीचा थाना क्षेत्र के कदम पाठ गांव का रहने वाला है।

वेल्डिंग दुकान के पास अचानक हमला

जानकारी के मुताबिक, राजेंद्र यादव हार्वेस्टर वाहन पर काम करता था। रविवार सुबह वह अपने साथियों के साथ रामपुर स्थित एक वेल्डिंग दुकान पर गाड़ी की मरम्मत कराने पहुंचा था। तभी अचानक तीन युवक वहां पहुंचे और उस पर पैसे लेने का आरोप लगाते हुए गाली-गलौज करने लगे।

देखते ही देखते मारपीट में बदला विवाद

थोड़ी ही देर में विवाद इतना बढ़ गया कि तीनों युवकों ने मिलकर राजेंद्र यादव की मुंह और छाती पर लात-घूंसों से बेरहमी से पिटाई कर दी। युवक बार-बार कहता रहा कि मामला थाने में जाकर सुलझा लिया जाए, लेकिन आरोपियों ने उसकी एक नहीं सुनी।

स्थानीय लोगों ने बचाई जान

घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह युवक को आरोपियों से छुड़ाया। इसके बाद उसे घायल हालत में तुरंत स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

पुराने विवाद से जुड़ा शक

बताया जा रहा है कि राजेंद्र यादव पहले आरोपियों के साथ काम कर चुका था। उसी दौरान कुछ मजदूरों द्वारा पैसे लेकर फरार होने की बात सामने आई थी, जिसके शक में यह हमला किया गया।

पुलिस जांच में जुटी

फिलहाल इस मामले में शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया चल रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की बात कही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *