राष्ट्रीय वॉलीबॉल खिलाड़ी आभा कुमारी को श्रद्धांजलि, 29 अप्रैल को होगी स्मृति प्रतियोगिता
लातेहार : जिला खेल स्टेडियम स्थित वॉलीबॉल मैदान में राष्ट्रीय वॉलीबॉल खिलाड़ी आभा कुमारी के असमय निधन पर शोकसभा आयोजित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर जिला वॉलीबॉल एसोसिएशन के तत्वावधान में खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल पदाधिकारियों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
शोकसभा में जिला खेल पदाधिकारी अविनेश कुमार त्रिपाठी, जिला वॉलीबॉल एसोसिएशन के कार्यकारी अध्यक्ष पंकज तिवारी, कोषाध्यक्ष नीरज कुमार, एथलेटिक्स प्रशिक्षक आलोक कुमार सिंह, वॉलीबॉल कोच प्रवीण मिश्रा, जिम ट्रेनर आसिफ अली, बैडमिंटन कोच वाहिद अंसारी एवं एथलीट कोच कमल कुमार सहित डे-बोर्डिंग वॉलीबॉल प्रशिक्षण केंद्र, बालक-बालिका वॉलीबॉल, बैडमिंटन और आवासीय एथलेटिक्स के सैकड़ों खिलाड़ी उपस्थित रहे।
जिला खेल पदाधिकारी त्रिपाठी ने इसे अत्यंत दुखद घटना बताते हुए कहा कि जिस खिलाड़ी को कल तक मैदान में खेलते देखा, आज उसका हमारे बीच न होना बेहद पीड़ादायक है। उन्होंने खिलाड़ियों को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और छोटी-छोटी समस्याओं को अभिभावकों व प्रशिक्षकों से साझा करने की सलाह दी। उन्होंने घोषणा की कि आभा कुमारी की स्मृति में 29 अप्रैल को वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।
जिला वॉलीबॉल एसोसिएशन के कार्यकारी अध्यक्ष पंकज तिवारी ने कहा कि आभा की असामयिक मृत्यु न केवल लातेहार बल्कि पूरे झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कम समय में राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई थी और उनसे बड़ी उम्मीदें थीं।
आभा के प्रशिक्षक प्रवीण मिश्रा ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2024 से वॉलीबॉल खेलना शुरू किया था और कम समय में ही तकनीकी रूप से मजबूत खिलाड़ी बन गई थीं। उन्होंने राज्य स्तरीय कई प्रतियोगिताओं में लातेहार को विजेता और उपविजेता बनाया तथा झारखंड राज्य सब-जूनियर वॉलीबॉल प्रतियोगिता में “बेस्ट अटैकर” का खिताब भी जीता। वर्ष 2025-26 में उन्होंने तीन राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में झारखंड का प्रतिनिधित्व किया।
इससे पूर्व प्रशिक्षक प्रवीण मिश्रा एवं अन्य खिलाड़ी आभा कुमारी के पैतृक गांव बकोरिया (मनिका) में अंतिम संस्कार में शामिल होकर श्रद्धांजलि अर्पित कर चुके हैं।
