Home

रांची दुष्कर्म कांड पर भाजपा सख्त, पीड़िता को सुरक्षा और फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई की मांग

Ranchi : राजधानी रांची के लालपुर क्षेत्र में एक युवती के साथ दुष्कर्म की घटना को लेकर भाजपा ने कड़ा रुख अपनाया है। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता अजय साह ने बुधवार को प्रेस वार्ता कर इस मामले को गंभीर बताते हुए प्रशासन से तुरंत कार्रवाई की मांग की। इससे पहले अजय साह आर्किड अस्पताल पहुंचकर पीड़िता से मिले और उसे हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।

पीड़िता डरी-सहमी, मिल रही धमकियां

अजय साह ने बताया कि पीड़िता इस समय काफी डरी हुई है और मानसिक रूप से बेहद परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि पीड़िता और उसकी मदद कर रही सहेली को लगातार धमकियां मिल रही हैं। केस वापस लेने के लिए दबाव बनाया जा रहा है, जिससे पीड़िता और उसका परिवार भय के माहौल में जी रहा है।

आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग

भाजपा ने मुख्य आरोपित दानिश के साथ-साथ अन्य संदिग्धों सदाब और फबाद की भी जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पार्टी का कहना है कि आरोपित के परिजन और सहयोगी पीड़िता का पीछा कर रहे हैं और मामले को दबाने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि युवती को नशीला पदार्थ देकर इस तरह की घटना को अंजाम दिया गया, जो कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़ा करता है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि पीड़िता को तुरंत सुरक्षा दी जाए ताकि वह बिना डर के न्याय की लड़ाई लड़ सके।

फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई की मांग

पार्टी ने इस मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने की मांग की है, ताकि पीड़िता को जल्द न्याय मिल सके। साथ ही, पीड़ित क्षतिपूर्ति कोष से 25 प्रतिशत राशि तुरंत देने की भी मांग उठाई गई है, जिससे पीड़िता को आर्थिक मदद मिल सके।

स्वास्थ्य मंत्री के बयान पर भी सवाल

अजय साह ने राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के बयान पर भी सवाल उठाए और कहा कि ऐसे संवेदनशील मामले में जिम्मेदार बयान देना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मामले को दबाने की कोशिश की गई तो भाजपा सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करेगी। प्रेस वार्ता में प्रदेश मीडिया सह प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह और अशोक बड़ाईक भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *