रांची: सद्गुरु सदानंद महाराज का अपना घर आश्रम में आगमन, 81वां जन्मोत्सव दिव्यांगों संग मनाया गया
रांची, 22 जुलाई — परमहंस डॉ. संत शिरोमणी श्री श्री 108 स्वामी सदानंद महाराज का पावन आगमन पुंदाग स्थित मंगल राधिका सदानंद सेवाधाम के अपना घर आश्रम में हुआ। यह आश्रम श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट के तत्वावधान में बीते 18 महीनों से पीड़ित मानव सेवा का केंद्र बना हुआ है।
गुरुजी ने आश्रम में रह रहे दिव्यांग, निराश्रित और दीनबंधुजनों से आत्मीय भेंट की, उनकी दिनचर्या, देखभाल एवं चिकित्सा संबंधी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और वहां की साफ-सफाई, सेवा भाव व समर्पण भावना को देखकर गहरी संतुष्टि प्रकट की। उन्होंने आश्रम को “ईश्वर के साक्षात दर्शन का स्थान” बताया और सेवा में लगे सभी कार्यकर्ताओं को आशीर्वाद प्रदान किया।
इस अवसर पर गुरु सदानंद महाराज का 81वां जन्मोत्सव भी आश्रम परिसर में रह रहे दिव्यांगजनों और जरूरतमंदों के बीच उत्साहपूर्वक मनाया गया। उन्होंने घोषणा की कि ट्रस्ट की ओर से निकट भविष्य में 50 और बेड की सुविधा दिव्यांगों के लिए शुरू की जाएगी। साथ ही उन्होंने सभी श्रद्धालु भक्तों से तन-मन-धन से आश्रम के लिए सहयोग देने की अपील की।
गुरुजी ने कहा, *“समाज के उपेक्षित वर्ग की सेवा ही सच्चे धर्म का मार्ग है। मानव सेवा ही सबसे बड़ा योग है, और युवाओं को चाहिए कि वे जीवन के कुछ पल समाज सेवा को समर्पित करें।” उन्होंने ‘अपना घर आश्रम’ को मानव सेवा का मंदिर करार देते हुए इसे एक संस्था नहीं, बल्कि मानवता को गले लगाने वाला आंदोलन बताया।
ट्रस्ट के उपाध्यक्ष राजेन्द्र प्रसाद अग्रवाल एवं प्रवक्ता संजय सर्राफ ने बताया कि फिलहाल आश्रम में 37 निराश्रित और दिव्यांगजनों की संपूर्ण देखभाल की जा रही है। उन्होंने कहा, “यह आश्रम गुरुजी के सान्निध्य में न केवल सेवा का केंद्र है, बल्कि एक सच्चे आध्यात्मिक जीवन की मिसाल भी है।”
इस मौके पर विजय कुमार अग्रवाल, निर्मल छावनिका, डुंगरमल अग्रवाल, निर्मल जालान, मनोज चौधरी, सज्जन पाड़िया, नवल अग्रवाल, पूरणमल सर्राफ, अरविंद पांडे (पुजारी), शिव भगवान अग्रवाल, नंद किशोर चौधरी, प्रमोद सारस्वत, विशाल जालान, सुनील पोद्दार, मधु जाजोदिया, अरविंद अग्रवाल, पवन पोद्दार, विष्णु सोनी समेत कई श्रद्धालु उपस्थित रहे।
