पश्चिमी सिंहभूमि

भाजपा नेता के घर फायरिंग मामले में तीन गिरफ्तार, रंगदारी नहीं मिली तो मचाया था आतंक

फायरिंग

Saraikela : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में भाजपा नेता स्वप्न कुमार दास के घर पर हुई फायरिंग मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, अपराधियों ने रंगदारी नहीं मिलने पर दहशत फैलाने के लिए यह वारदात की थी। घटना 7 अप्रैल की सुबह करीब 6:55 बजे हुई थी, जब अज्ञात बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर इलाके में हड़कंप मचा दिया था।

तीन आरोपी गिरफ्तार, हथियार भी बरामद
इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में चंदन गोराई उर्फ चंदन बच्चा, प्रेम कुमार सिंह उर्फ जॉनी उर्फ प्रेम बच्चा और राजू कुमार उर्फ राजू टकला शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से एक देशी पिस्टल, मैगजीन में भरी 4 जिंदा गोलियां और एक स्कूटी बरामद की है।

एसपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी जानकारी
जिला पुलिस कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर एसपी मुकेश कुमार लुणायत ने बताया कि घटना के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे। भाजपा नेता स्वप्न कुमार दास के आवेदन पर आदित्यपुर थाना में मामला दर्ज किया गया था।

एसडीपीओ के नेतृत्व में बनी टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ समीर कुमार सवैया के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई थी। टीम ने तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपियों का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार तीनों आरोपियों का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है। इनमें से प्रेम कुमार सिंह मूल रूप से बिहार के नालंदा का रहने वाला है, जबकि राजू कुमार नीमडीह क्षेत्र का निवासी है और फिलहाल सालडीह बस्ती में रह रहा था।

छापेमारी टीम ने तेजी से किया खुलासा
छापेमारी दल में एसडीपीओ, आदित्यपुर थाना प्रभारी बिनोद तिर्की समेत कई पुलिस अधिकारी और जवान शामिल थे। टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए मामले का खुलासा किया और आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *