सिमडेगा

सिमडेगा में सड़क निर्माण में सुस्ती पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, रोड जाम कर जताया विरोध

सड़क जाम

Simdega : सिमडेगा जिले में कोलेबिरा-मनोहरपुर मुख्य पथ (NH-320G) के निर्माण में सुस्ती के खिलाफ शनिवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। बानो प्रखंड के सौदे घाट के पास सुबह करीब 7 बजे लोगों ने सड़क जाम कर दिया और वहीं धरने पर बैठ गए। देखते ही देखते दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह ठप हो गया।

प्रशासन पर लापरवाही का आरोप
आंदोलन में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। उनके साथ जेएलकेएम पार्टी के प्रखंड अध्यक्ष रविन्द्र सिंह भी धरने पर बैठे। उन्होंने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि सड़क निर्माण की धीमी रफ्तार से लोगों की परेशानी लगातार बढ़ रही है।

धूल-कीचड़ से परेशान, रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित
ग्रामीणों का कहना है कि अधूरी सड़क, उड़ती धूल और कीचड़ की वजह से चलना मुश्किल हो गया है। बरसात में हालात और खराब हो जाते हैं। स्कूल, अस्पताल और बाजार तक पहुंचना भी मुश्किल हो रहा है, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है।

एक महीने पहले भी दिया था आवेदन
रविन्द्र सिंह ने बताया कि करीब एक महीने पहले उपायुक्त, NHAI अधिकारियों और मुख्यमंत्री को हस्ताक्षरयुक्त आवेदन देकर समस्या बताई गई थी। इसके बाद भी कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। स्थानीय प्रशासन को भी जानकारी दी गई, लेकिन हालात जस के तस बने हुए हैं।

लिखित आश्वासन तक जारी रहेगा आंदोलन
ग्रामीणों ने साफ कहा है कि जब तक ठेकेदार और प्रशासन की ओर से लिखित आश्वासन नहीं दिया जाता, तब तक जाम खत्म नहीं होगा। फिलहाल मौके पर प्रशासन के अधिकारी पहुंचकर ग्रामीणों को समझाने और जाम हटवाने की कोशिश कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *