रामगढ

हेसला में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, JIADA की जमीन कराई खाली

जमीन

Ramgarh : रामगढ़ जिले के पतरातू प्रखंड के हेसला पंचायत स्थित जनता नगर में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। झारखंड हाई कोर्ट के आदेश के बाद रामगढ़ जिला प्रशासन भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचा और जियाडा की जमीन से अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया शुरू की गई।

222 एकड़ जमीन पर था अवैध कब्जा
यह पूरी 222.29 एकड़ जमीन पहले झारखंड बिजली बोर्ड की थी, जिसे औद्योगिक विकास के लिए जियाडा को हस्तांतरित किया गया है। इस जमीन पर पीटीपीएस द्वारा करीब 1200 आवास बनाए गए थे, जो अब जर्जर हो चुके हैं। इसके बावजूद इनमें लोग अवैध रूप से रह रहे थे।

40 एकड़ जमीन कंपनी को आवंटित
मौके पर मौजूद अंचलाधिकारी मनोज चौरसिया ने बताया कि जियाडा द्वारा 40 एकड़ जमीन वरुण बेवरेज को दी गई है। इसी जमीन को खाली कराने के लिए यह कार्रवाई की जा रही है। इसके लिए औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकार की ओर से हाईकोर्ट में याचिका भी दायर की गई थी।

लोगों ने किया विरोध, मांगा समय
कार्रवाई की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और जनप्रतिनिधि मौके पर जुट गए। लोगों ने अधिकारियों से कार्रवाई रोकने और कुछ समय देने की मांग की, लेकिन प्रशासन ने कोर्ट के आदेश का हवाला देते हुए असमर्थता जताई और कार्रवाई जारी रखी।

घोषणा के बाद खाली हुए मकान
प्रशासन ने लाउडस्पीकर के जरिए लोगों को तुरंत घर खाली करने का निर्देश दिया। इसके बाद जमीन पर ट्रेंच काटा गया। कार्रवाई शुरू होते ही लोग जल्दबाजी में अपने घर खाली करने लगे। कई जगह मकानों और बिल्डिंगों में ताले भी जड़ दिए गए।

आक्रोश में लोगों ने किया सड़क जाम
कार्रवाई के दौरान लोगों में आक्रोश देखने को मिला। कुछ स्थानों पर आगजनी की गई और सड़क जाम कर विरोध जताया गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा।

भारी संख्या में अधिकारी रहे मौजूद
इस दौरान जिले के कई अधिकारी और पुलिस पदाधिकारी मौके पर मौजूद रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कोर्ट के आदेश का पालन करते हुए यह कार्रवाई की जा रही है और आगे भी जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *