बहू ने की शिकायत और ससुर हो गया गिरफ्तार, घर से मिले दो देसी कट्टा

Godda : गोड्डा के मेहरमा थाना क्षेत्र के सिंघाड़ी गांव में बीती शाम एक ऐसा मामला सामने आया, जिसने पूरे इलाके में चर्चा का माहौल बना दिया। यहां एक बहू ने अपने ही ससुर के खिलाफ थाने में शिकायत कर दी और कुछ ही देर में पुलिस ने छापेमारी कर ससुर को गिरफ्तार कर लिया।मामला अवैध हथियार रखने से जुड़ा है। पुलिस ने आरोपी के घर से दो देसी कट्टा बरामद किया है।
शाम होते ही थाने पहुंची बहू
जानकारी के मुताबिक 05 अप्रैल को शाम करीब 5 बजकर 10 मिनट पर फूलन देवी (उम्र करीब 40 वर्ष), पति जितेंद्र कुमार मंडल, गांव सिंघाड़ी, थाना मेहरमा, सीधे थाने पहुंचीं। फूलन देवी ने पुलिस को बताया कि उनके ससुर निरंजन मंडल ने अपने घर में दो देसी कट्टा छिपाकर रखे हुए हैं। बहू की इस शिकायत के बाद थाना परिसर में हलचल मच गई।
पुलिस ने तुरंत अफसरों को दी सूचना
थाने में शिकायत मिलते ही थाना प्रभारी ने इसकी जानकारी वरीय अधिकारियों को दी। इसके बाद निर्देश मिला कि मामले की जांच की जाए और अगर शिकायत सही निकले तो तुरंत कार्रवाई हो। इसी आदेश के बाद मेहरमा थाना की ओर से एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
छापेमारी में निकले हथियार
पुलिस टीम सशस्त्र बल के साथ सिंघाड़ी गांव पहुंची और निरंजन मंडल के घर की तलाशी ली। पुलिस के अनुसार तलाशी के दौरान निरंजन मंडल ने खुद हथियार रखे स्थान की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने घर से दो अवैध देसी कट्टा बरामद कर लिया। बरामद हथियारों को मौके पर ही जब्त कर लिया गया।
ससुर को मौके से ही दबोचा
घर से हथियार मिलने के बाद पुलिस ने निरंजन मंडल को हिरासत में ले लिया और थाना लाया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ विधिवत गिरफ्तारी की प्रक्रिया पूरी की गई। गांव में यह खबर तेजी से फैल गई कि बहू की शिकायत पर पुलिस ने ससुर को पकड़ लिया है। इसके बाद गांव में लोग तरह-तरह की चर्चा करने लगे।
केस दर्ज, जांच जारी
इस पूरे मामले में मेहरमा थाना कांड संख्या 58/26 के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने कहा कि अवैध हथियार रखने के मामले में आगे की जांच जारी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि हथियार कहां से लाए गए और इन्हें रखने का उद्देश्य क्या था।
