बोकारो

ESIC अस्पताल में देरी पर सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी सख्त, जमीन नहीं मिलने पर उठाया सवाल

ESIC

Ranchi/Bokaro : गिरिडीह लोकसभा क्षेत्र से सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी ने बोकारो में प्रस्तावित 100 बेड के ESIC अस्पताल के निर्माण में हो रही देरी पर गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने इस मुद्दे को संसद में नियम 377 के तहत उठाते हुए श्रम एवं रोजगार मंत्रालय को पत्र लिखकर सरकार का ध्यान आकर्षित किया है।

जमीन नहीं मिलने से अटका प्रोजेक्ट
सांसद ने अपने पत्र में कहा कि कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ESIC) द्वारा राज्य सरकार को पहले ही जरूरी प्रक्रिया पूरी करने के लिए पत्र भेजा जा चुका है। इसके बावजूद अस्पताल निर्माण के लिए आवश्यक 5 एकड़ जमीन अब तक उपलब्ध नहीं कराई गई है, जिससे परियोजना अटकी हुई है।

श्रमिकों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा असर
चौधरी ने कहा कि यह केवल प्रशासनिक देरी नहीं है, बल्कि इससे लाखों श्रमिकों, बीमित व्यक्तियों और उनके परिवारों के स्वास्थ्य अधिकार प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने इसे जनहित से जुड़ा गंभीर मामला बताया।

केंद्र-राज्य समन्वय की मांग
सांसद ने केंद्र और झारखंड सरकार से आपसी समन्वय स्थापित करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बोकारो के कसमार प्रखंड या बेरमो क्षेत्र में जल्द से जल्द जमीन उपलब्ध कराई जाए, ताकि अस्पताल निर्माण का काम शुरू हो सके।

जल्द कार्रवाई की अपील
सांसद चौधरी ने सरकार से इस परियोजना को प्राथमिकता देने और त्वरित कदम उठाने की मांग की है, ताकि क्षेत्र के लोगों को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *