रांची के सूरज उरांव का राष्ट्रीय हैंडबॉल प्रतियोगिता के लिए चयन
रांची, झारखंड : हैंडबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में 23 से 27 मार्च 2026 तक कुरुक्षेत्र, हरियाणा में आयोजित होने वाली 54वीं राष्ट्रीय पुरुष हैंडबॉल प्रतियोगिता के लिए रांची के उभरते खिलाड़ी सूरज उरांव का चयन झारखंड टीम में किया गया है। इस प्रतियोगिता में वे राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे।
सूरज उरांव का चयन 12 मार्च 2026 को जे.आर.डी. स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, जमशेदपुर में आयोजित ओपन चयन ट्रायल एवं प्रशिक्षण शिविर में उनके शानदार प्रदर्शन के आधार पर किया गया। उनके चयन से रांची सहित पूरे झारखंड में खेल प्रेमियों के बीच खुशी की लहर है।
वर्तमान में सूरज, कार्तिक उरांव हैंडबॉल प्रशिक्षण केंद्र, रातू चट्टी में प्रशिक्षक विष्णु कुमार के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण ले रहे हैं और लगातार अपनी प्रतिभा को निखार रहे हैं।
उनके इस उपलब्धि पर रांची जिला हैंडबॉल संघ के सभी पदाधिकारियों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
