खेल

रांची में 28वीं सब जूनियर नेशनल सेपक टकरा प्रतियोगिता का आगाज कल से

दातुक अब्दुल हलीम बिन कादिर पहुंचे रांची, एयरपोर्ट पर हुआ भव्य स्वागत

रांची : मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स स्थित ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव इंडोर स्टेडियम में कल से प्रारम्भ होने जा रही 28वीं सब जूनियर नेशनल सेपक टकरा प्रतियोगिता के लिए देशभर की 28 टीमें आज रांची पहुंच चुकी हैं। प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों और आयोजकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

इसके साथ ही विभिन्न राज्य संघों के पदाधिकारी एवं सेपक टकरा फेडरेशन ऑफ इंडिया के अधिकारी भी रांची पहुंच गए हैं, जिससे आयोजन की तैयारियां और तेज हो गई हैं।

इंटरनेशनल सेपक टकरा फेडरेशन के महासचिव दातुक अब्दुल हलीम बिन कादिर भी इस अवसर पर रांची पहुंच चुके हैं। उनकी मौजूदगी से प्रतियोगिता की गरिमा और महत्व दोनों में वृद्धि हुई है।

एयरपोर्ट पर हुआ भव्य स्वागत
रांची एयरपोर्ट पर दातुक अब्दुल हलीम बिन कादिर का पारंपरिक ढोल-नगाड़ों के साथ गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस अवसर पर सेपक टकरा एसोसिएशन ऑफ झारखंड के पदाधिकारी श्री सुनील सूर्यांत, उदय साहू, राजकुमार जैन, विभूति भूषण अमर, शिवेंद्र दुबे और राजीव रंजन उपस्थित रहे।

साथ ही सेपक टकरा फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव श्री नरेश कुमार सहित अन्य गणमान्य लोगों ने भी उनका स्वागत किया।

कल से शुरू होंगे मुकाबले
प्रतियोगिता का शुभारंभ कल से होगा, जिसमें सुबह से ही विभिन्न मुकाबले खेले जाएंगे। वहीं उद्घाटन समारोह अपराह्न 3:00 बजे आयोजित किया जाएगा।

यह राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता न केवल खिलाड़ियों के लिए एक बड़ा मंच साबित होगी, बल्कि झारखंड में खेलों के विकास को भी नई दिशा देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *