कोडरमा

कोडरमा में विवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप

कोडरमा

Koderma : कोडरमा जिले के नवलशाही थाना क्षेत्र के मसमोहना गांव में एक 25 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। मृतका की पहचान मनीषा सिंह के रूप में हुई है। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। वहीं, मृतका के मायके वालों ने इसे हत्या बताते हुए ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

पिता ने ससुराल वालों पर लगाए गंभीर आरोप

मृतका के पिता चंद्र सिंह ने बताया कि उनकी बेटी मनीषा के साथ उसके ससुराल वाले लगातार अभद्र व्यवहार करते थे। उन्होंने कहा कि उनकी बेटी मानसिक रूप से काफी परेशान रहती थी। 16 मार्च को मनीषा से उनकी बात हुई थी, जिसमें उसने अपने ऊपर हो रहे अत्याचार की जानकारी दी थी। उस समय पिता ने उसे भरोसा दिलाया था कि वे जल्द आकर समस्या का समाधान करेंगे।

मौत से पहले हुआ था विवाद

पिता के अनुसार, 17 मार्च को मनीषा ने तीन से चार बार फोन कर बताया कि उसका पति उससे विवाद कर रहा है। जब उन्होंने अपने दामाद से बात की तो उसने उल्टा मनीषा पर ही परेशान करने का आरोप लगाया। इस पर पिता ने समझाया कि वे आकर मामले को सुलझाएंगे।

अस्पताल पहुंचने पर मिली मौत की खबर

उसी दिन शाम करीब 5 बजे ससुराल पक्ष से फोन आया कि मनीषा की तबीयत खराब है और उसे कोडरमा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जब परिजन अस्पताल पहुंचे, तब तक मनीषा की मौत हो चुकी थी।

हत्या का आरोप, गला घोंटने की आशंका

मृतका के पिता ने आरोप लगाया कि जिस कमरे में आत्महत्या की बात कही गई, वहां कोई सबूत नहीं मिला। घर की तलाशी के दौरान बरामदे में टूटी हुई चूड़ियां बिखरी मिलीं, जिससे मारपीट की आशंका जताई जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि ससुराल वालों ने मनीषा के साथ मारपीट कर उसका गला घोंटकर हत्या की है।

पति फरार, पुलिस जांच में जुटी

घटना के बाद से मृतका का पति अबोध सिंह घर से फरार बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। नवलशाही थाना प्रभारी सुमन कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि यह आत्महत्या है या हत्या। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई लिखित आवेदन नहीं मिला है। आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

2023 में हुई थी शादी

मृतका के पिता ने बताया कि मनीषा की शादी वर्ष 2023 में पूरे रीति-रिवाज के साथ हुई थी। शादी के एक साल बाद उसने एक बेटी को जन्म दिया था। शुरू में सब कुछ सामान्य था, लेकिन पिछले एक वर्ष से पति और ससुराल वालों के साथ उसका विवाद बढ़ गया था। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *