झारखंड की दमदार जीत: चंडीगढ़ को 3–1 से हराकर क्वार्टर फाइनल की ओर बढ़ी टीम
भुवनेश्वर। 26वीं यूथ राष्ट्रीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता में झारखंड की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चंडीगढ़ को 3–1 सेटों से हराकर महत्वपूर्ण जीत दर्ज की। यह मुकाबला भुवनेश्वर स्थित बिजू पटनायक इंडोर स्टेडियम, KIIT एवं KISS यूनिवर्सिटी कैंपस में खेला गया, जहां दोनों टीमों ने उच्च स्तर का खेल दिखाकर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
मैच की शुरुआत से ही दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। पहले सेट में झारखंड ने जबरदस्त संघर्ष करते हुए 29–27 से जीत हासिल कर बढ़त बनाई। दूसरे सेट में भी टीम ने संयम और आक्रामक खेल का शानदार संतुलन दिखाते हुए 33–31 से जीत दर्ज कर मुकाबले पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली।
तीसरे सेट में चंडीगढ़ की टीम ने वापसी करते हुए 25–23 से सेट अपने नाम किया, लेकिन झारखंड ने चौथे सेट में जोरदार प्रदर्शन करते हुए 25–20 से जीत दर्ज कर मैच 3–1 से अपने नाम कर लिया।
इस जीत में खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ-साथ टीम प्रबंधन की भी अहम भूमिका रही। टीम के मैनेजर सत्यदेव सिंह, चीफ कोच संदीप राय तथा कोच प्रियरणजन और अमन लकड़ा ने रणनीतिक मार्गदर्शन देकर टीम को जीत दिलाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
मैच के दौरान झारखंड वॉलीबॉल संघ के संरक्षक शेखर बोस, कार्यकारी अध्यक्ष सुनील सहाय, सचिव उत्तम राज तथा सीईओ निशिकांत पाठक भी उपस्थित रहे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
झारखंड की इस शानदार जीत से राज्य के खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल है। युवा टीम ने इस जीत के साथ क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने की दिशा में मजबूत कदम बढ़ाया है।
