रामनवमी, ईद और सरहुल को लेकर हुई शांति समिति की बैठक
खूंटी, 17 मार्च । आने वाले दिनों में होने वाले रामनवमी, ईद, सरहुल सहित अन्य त्योहारों के लिए मंगलवार को तोरपा थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।
अंचलाधिकारी पूजा बिनहा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में रामनवमी महासमिति के अधिकारियों ने श्रीरामनवमी महोत्सव के दौरान अष्टमी, नवमी और दशमी तिथि को होने वाले विविध आयोजनों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। रामनवमी महासमिति के नीरज जायसवाल ने बताया कि श्रीरामनवमी महोत्सव के दौरान 24 मार्च की रात में मंगलवारी जुलूस निकाला जाएगा और 27 मार्च को रामनवमी की शोभायात्रा निकाली जाएगी। दशमी के मौके पर 28 मार्च को हनुमान मंदिर के सामने अस्त्र शस्त्र चालन प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसमें बाहर की मंडलियां भी शामिल हाेंगे। अंजुमन इस्लामिया के सदर मो अख्तर खान ने बताया कि ईद का चांद दिखने पर निर्भर है कि ईद 20 या 21 मार्च को मनाई जाएगी। मुखिया जॉन टोपनो ने बताया कि तोरपा में सरहुल मिलन समारोह आयोजित किया जाएगा।
बैठक में त्योहारों के दौरान साफ सफाई, निर्बाध बिजली और पानी की आपूर्ति की मांग की गई। अंचलाधिकारी पूजा बिनहा ने लोगों से आपसी भाईचारा और सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाने की अपील की। थाना प्रभारी मुकेश कुमार यादव ने कहा कि त्योहार के दौरान किसी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देते हुए इसकी सूचना तुरंत प्रशासन को दें। उन्होंने यह भी कहा कि समिति के लोग भी अपने स्तर से वॉलिंटियर्स की नियुक्ति कर असामाजिक तत्वों पर नजर बनाए रखें और कहीं से भी कोई अप्रिय स्थिति की जानकारी मिलती है तो तुरंत इसकी सूचना प्रशासन को दें।
बैठक में जिला परिषद सदस्य सुशांति कोनगाड़ी, प्रमुख रोहित सुरीन, मुखिया जॉन टोपनो, मुखिया शिशिर टोपनो, पुअनि अमरेन्द्र मंडल, उप मुखिया राजू साहू, संतोष जायसवाल, विनोद भगत, संजय यादव, एमपी सिंह सहित अन्य मौजूद थे।
