रांची नगर निगम ने अतिक्रमित संपत्तियों पर अपनाया कड़ा रुख, 30 मार्च तक वापस लेगा अपने कब्जे में

Ranchi : रांची नगर निगम की कई संपत्तियों और जमीनों पर लंबे समय से अतिक्रमण चल रहा था। पुराने कर्मचारियों के कार्यकाल में इन संपत्तियों का सही तरीके से निरीक्षण नहीं होने के कारण कई जगहों पर लोग कब्जा कर चुके थे। अब निगम प्रशासन ने इन सभी अतिक्रमित संपत्तियों को वापस निगम के कब्जे में लेने का फैसला किया है।
ऑनलाइन बैठक में लिए अहम निर्णय
रांची नगर निगम के प्रशासक ने आज सभी अधिकारियों की ऑनलाइन बैठक की। बैठक में अधिकारियों से कहा गया कि वे सभी अतिक्रमित संपत्तियों की पूरी और अद्यतन सूची तैयार करें। इसमें उन संपत्तियों को भी शामिल किया जाए, जिन पर किसी प्रकार का अवैध कब्जा है। प्रशासक ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि इन संपत्तियों को जल्द से जल्द अतिक्रमण मुक्त किया जाए और निगम के उपयोग के लिए तैयार किया जाए।
30 मार्च तक कार्रवाई जरूरी
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि 30 मार्च तक सभी चिन्हित संपत्तियों को निगम के कब्जे में लेने के लिए आवश्यक कार्रवाई पूरी की जाए। इसका उद्देश्य इन संपत्तियों का उपयोग नगर विकास और जनहित से जुड़े कामों में करना है। प्रशासन ने जोर दिया कि नगर निगम की संपत्तियां सभी नागरिकों की संपत्ति हैं। उनका सही तरीके से संरक्षण और उपयोग सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
