Home

ब्रेन स्ट्रोक के बाद शिबू सोरेन की हालत चिंताजनक, सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती

रांची: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के संस्थापक और राज्यसभा सांसद शिबू सोरेन की हालत गंभीर बनी हुई है। वे दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती हैं। झामुमो के प्रवक्ता मनोज पांडेय ने बताया कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन की स्थिति थोड़ी चिंताजनक है, हालांकि वह स्थिर बनी हुई है। डॉक्टरों की एक विशेषज्ञ टीम उनका इलाज कर रही है और उन्हें आईसीयू में रखा गया है, जहां सीमित लोगों को ही मिलने की अनुमति दी गई है।

डॉक्टरों के अनुसार, 81 वर्षीय शिबू सोरेन को ब्रेन स्ट्रोक हुआ है, जिसके कारण उनके शरीर का बायां हिस्सा लकवाग्रस्त हो गया है। वह पहले से किडनी की बीमारी से जूझ रहे हैं और एक साल से डायलिसिस पर हैं। इसके अलावा उन्हें डायबिटीज है और उनकी हार्ट की बाइपास सर्जरी भी हो चुकी है। अस्पताल में न्यूरोलॉजी, कार्डियोलॉजी और नेफ्रोलॉजी के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उनके उपचार में जुटी हुई है।

गुरुवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सर गंगाराम अस्पताल पहुंचकर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली थी। इससे पहले झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार भी उनसे मिलने अस्पताल पहुंचे थे। झामुमो प्रवक्ता ने कहा कि झारखंड को अभी भी गुरुजी के अनुभव और मार्गदर्शन की जरूरत है, और पूरा राज्य उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहा है।

भाजपा ने की मेडिकल बुलेटिन जारी करने की मांग

शिबू सोरेन की स्थिति को लेकर भाजपा ने सरकार और पीआईबी से आधिकारिक मेडिकल बुलेटिन जारी करने की मांग की है। भाजपा प्रवक्ता प्रदीप सिन्हा ने कहा कि शिबू सोरेन न केवल पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान सांसद हैं, बल्कि वे झारखंड सरकार की समन्वय समिति के प्रमुख भी हैं, इसलिए उनकी सेहत से जुड़ी आधिकारिक जानकारी जरूरी है।

बाबूलाल मरांडी ने जताई चिंता

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने भी चिंता व्यक्त करते हुए सोशल मीडिया पर उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना की है। उन्होंने लिखा कि शिबू सोरेन झारखंड की राजनीति की एक बड़ी शख्सियत हैं और उनके अस्वस्थ होने की खबर से वे अत्यंत चिंतित हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *