खूंटी

खूंटी में बिजली तार चोरी का बड़ा खुलासा, 250 किलो हाईटेंशन तार के साथ 7 चोर गिरफ्तार

खूंटी

Khunti : खूंटी के तोरपा थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हाईटेंशन बिजली तार चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने छापेमारी कर सात आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों में त्तर प्रदेश का रमजानी (33), बिहार का चांद मोहम्मद (25), खूंटी का इब्राहिम खान उर्फ इरफान (40), गुमला का शेख अप्पू (24), दिलकस खान उर्फ टेटे (20), मनीष लोहरा उर्फ शिशु (25) और बजरंग लोहरा उर्फ माटु (19) शामिल हैं। उनके पास से करीब 250 किलो हाईटेंशन बिजली तार, तार काटने की मशीन, एक पिकअप वाहन और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

गुप्त सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई

पुलिस को 10 जून की रात गुप्त सूचना मिली थी कि तोरपा-खूँटी रोड पर कृषि विज्ञान केंद्र के पीछे बिजली के खंभे से हाईटेंशन तार काटकर पिकअप वाहन पर लोड किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक खूँटी के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी तोरपा के नेतृत्व में एक छापामारी दल का गठन किया गया।

मौके पर छापेमारी, चोरी करते पकड़े गए आरोपी

छापामारी दल ने तुरंत मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। पुलिस ने देखा कि कुछ लोग बिजली के खंभे से हाईटेंशन तार काटकर उसे पिकअप वाहन पर लोड कर रहे थे। पुलिस ने घेराबंदी कर सभी आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।

बरामद हुए ये सामान

पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 8 बंडल हाईटेंशन बिजली तार बरामद किया है, जिसका वजन लगभग 250 किलोग्राम बताया जा रहा है। इसके अलावा एक तार काटने की मशीन, पिकअप वाहन (रजिस्ट्रेशन नंबर JH01AR-7335) और पांच मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

छापेमारी दल में ये अधिकारी शामिल

इस कार्रवाई में तोरपा एसडीपीओ खिस्तोफर केरकेट्टा, इंस्पेक्टर अशोक कुमार सिंह, तोरपा थाना प्रभारी मुकेश कुमार यादव, एसआई अमरेन्द्र मंडल, रोशन खाखा, एएसआई बैजु लकड़ा, सोनाराम स्वांसी और आलोक रंजन सहित तोरपा थाना के पुलिसकर्मी और रिजर्व गार्ड शामिल थे। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस गिरोह ने पहले किन-किन इलाकों में इस तरह की चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *