पश्चिमी सिंहभूमि

चाईबासा में कांग्रेस का मेगा प्रशिक्षण कैंप, नेताओं को दिशा देने आएंगे राहुल गांधी

rahul gandhi

Chaibasa : कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 22 मार्च के बाद पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा आने वाले हैं। उनके प्रस्तावित दौरे को लेकर जिले में कांग्रेस दौरे के बीच खासा उत्साह देखा जा रहा है। पार्टी नेता और कार्यकर्ता अभी से तैयारियों में जुटे गए हैं।

दरअसल चाईबासा के लुपुंगुटू टीआरटीसी गुईरा में 22 से 31 मार्च तक झारखंड और ओडिशा के कांग्रेस जिलाध्यक्षों के लिए दस दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसी प्रशिक्षण शिविर के दौरान राहुल गांधी भी एक दिन शामिल होकर नेताओं को मार्गदर्शन देंगे और उनसे सीधा संवाद करेंगे।

जिलाध्यक्षों के साथ होगी खास बैठक

प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी जिलाध्यक्षों के साथ विशेष बैठक भी करेंगे। इस बैठक में पार्टी की विचारधारा, संगठन को मजबूत बनाने और आने वाले समय की राजनीतिक रणनीति पर चर्चा की जाएगी। बताया जा रहा है कि इस दौरान बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, आम लोगों से सीधा संपर्क बढ़ाने और पार्टी की गतिविधियों को गांव-गांव तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया जाएगा। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिवके. सी. वेणुगोपाल ने इस प्रशिक्षण कार्यक्रम की आधिकारिक जानकारी दी है।

झारखंड और ओडिशा के जिलाध्यक्ष होंगे शामिल

इस दस दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में झारखंड और ओडिशा के सभी कांग्रेस जिलाध्यक्ष हिस्सा लेंगे। पश्चिमी सिंहभूम जिला कांग्रेस अध्यक्ष Ranjan Boipai ने बताया कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में झारखंड के 25 और ओडिशा के 30 जिलाध्यक्ष शामिल होंगे। कुल मिलाकर 55 जिलाध्यक्ष इस शिविर में संगठन से जुड़े अलग-अलग विषयों पर प्रशिक्षण लेंगे और पार्टी को मजबूत बनाने की रणनीति पर चर्चा करेंगे।

कार्यकर्ताओं में दिख रहा उत्साह

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि राहुल गांधी के आने से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा आएगी। उनके मार्गदर्शन से संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने में मदद मिलेगी। रंजन बोईपाई ने बताया कि 22 से 31 मार्च के बीच किसी एक दिन राहुल गांधी प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसे लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं और जिला प्रशासन से हेलीपैड समेत अन्य व्यवस्थाओं के लिए पत्राचार भी किया जा रहा है।

चाईबासा में रुक सकते हैं राहुल गांधी

पार्टी नेताओं के मुताबिक संभावना है कि प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होने के बाद राहुल गांधी एक रात चाईबासा में ही रुकें। इस दौरान वे कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और जिलाध्यक्षों के साथ संगठन और भविष्य की रणनीति को लेकर विस्तृत चर्चा करेंगे। कांग्रेस के लिए इस दौरे को काफी अहम माना जा रहा है, क्योंकि इससे संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ कार्यकर्ताओं में नया जोश भरने की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *