अरगोड़ा से नया सराय रिंग रोड तक बनेगी फोर लेन सड़क, भूमि अधिग्रहण शुरू

Ranchi : रांची में ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने और रिंग रोड से कनेक्टिविटी मजबूत करने के लिए एक नई फोर लेन सड़क बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। इस परियोजना के लिए जिला भू-अर्जन कार्यालय ने जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।
अरगोड़ा से नया सराय तक बनेगी नई सड़क
जारी अधिसूचना के मुताबिक अरगोड़ा के पुराने अरगोड़ा चौक से नया सराय रिंग रोड तक करीब 6.175 किलोमीटर लंबी फोर लेन सड़क बनाई जाएगी। यह सड़क पुंदाग पथ होते हुए रिंग रोड से जुड़ेगी, जिससे इस इलाके में आवागमन काफी आसान हो जाएगा। सड़क के साथ-साथ पुल और पुलिया भी बनाए जाएंगे ताकि बरसात या जलभराव की स्थिति में भी यातायात प्रभावित न हो। अधिकारियों का कहना है कि सड़क बनने के बाद शहर के इस हिस्से में ट्रैफिक दबाव काफी कम होगा और लोगों को रिंग रोड तक पहुंचने में ज्यादा समय नहीं लगेगा।
2.206 एकड़ जमीन का होगा अधिग्रहण
इस परियोजना के लिए टुंडुल मौजा की कुल 2.206 एकड़ जमीन अधिग्रहित की जाएगी। अधिसूचना में जिन रैयतों की जमीन ली जानी है, उनके नाम, खाता नंबर, प्लॉट नंबर और जमीन के क्षेत्रफल का पूरा विवरण भी प्रकाशित किया गया है।
रैयतों को मिलेगा मुआवजा
जिला प्रशासन ने बताया कि जमीन अधिग्रहण की यह प्रक्रिया राइट टू फेयर कम्पनसेशन एंड ट्रांसपेरेंसी इन लैंड एक्वीजीशन, रिहैबिलिटेशन एंड रिसेटलमेंट एक्ट, 2013 की धारा 11(1) के तहत की जा रही है। इसके तहत प्रभावित रैयतों को नियमानुसार उचित मुआवजा और अन्य सुविधाएं देने वाले।
60 दिनों के अंदर दर्ज करा सकते हैं आपत्ति
प्रशासन ने यह भी साफ किया है कि अगर किसी रैयत को जमीन अधिग्रहण को लेकर कोई आपत्ति या दावा करना है तो वह अधिसूचना जारी होने की तारीख से 60 दिनों के भीतर जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, रांची के कार्यालय में अपनी आपत्ति दर्ज करा सकता है। प्रशासन का कहना है कि इस सड़क के बनने से अरगोड़ा, पुंदाग और आसपास के इलाकों में ट्रैफिक जाम की समस्या काफी हद तक कम होगी, साथ ही लोगों को रिंग रोड तक पहुंचने के लिए बेहतर और तेज रास्ता मिल सकेगा।
