रांची के साहू वाइन शॉप में इनकम टैक्स का छापा

Ranchi : रांची के अरगोड़ा चौक स्थित साहू वाइन शॉप में रविवार को आयकर विभाग की टीम ने छापा मारा। दोपहर के समय आयकर विभाग के अधिकारी दुकान पहुंचे और रेड शुरू की। टीम वाइन शॉप के कागजात खंगाल रही है और उपलब्ध डाटा का मिलान किया जा रहा है। छापेमारी की कार्रवाई से आसपास के इलाके में काफी देर तक हलचल बनी रही। जानकारी के अनुसार, आयकर विभाग को कारोबार से जुड़े कुछ वित्तीय मामलों में गड़बड़ी की सूचना मिली थी। इसी के आधार पर विभाग की टीम ने दुकान पर पहुंचकर जांच शुरू की। अधिकारी दुकान से जुड़े खातों, बिक्री से संबंधित दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की जांच कर रहे हैं। फिलहाल छापेमारी जारी है और जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि किसी तरह की अनियमितता हुई है या नहीं।
मालूम हो कि इससे पहले भी यह बार विवादों में रह चुका है। 23 नवंबर 2025 को बार में किन्नरों के साथ डांस के दौरान विवाद और मारपीट की घटना सामने आई थी। घटना की सूचना मिलने के बाद उत्पाद विभाग की टीम मौके पर पहुंची थी और जांच के बाद बार को सील कर दिया गया था। साथ ही बार के संचालक वीरेन साहू को शोकॉज नोटिस जारी किया गया था। उत्पाद विभाग ने नोटिस में पूछा था कि बार में किन्नरों से डांस करवाया जा रहा था, इसके लिए विभाग से अनुमति ली गई थी या नहीं। साथ ही यह भी पूछा गया था कि हंगामे के कारण उत्पन्न हुई विधि-व्यवस्था की समस्या के लिए जिम्मेदार कौन है।
