रांची

रांची के पासपोर्ट ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी, सर्च ऑपरेशन जारी

बम

Ranchi : राजधानी रांची में एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने से पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया है। इस बार रातू रोड स्थित गैलेक्सिया मॉल में चल रहे पासपोर्ट ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। अज्ञात अपराधियों ने ईमेल के जरिये धमकी भरा संदेश भेजा, जिसमें पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की बात कही गई है। धमकी भरा मेल मिलने के बाद पुलिस तुरंत हरकत में आ गई। कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोए के नेतृत्व में पुलिस टीम और बम निरोधक दस्ता (बीडीएस) मौके पर पहुंचा और पूरे परिसर की जांच शुरू कर दी।

हर कोने की ली गई तलाशी

पुलिस और बीडीएस टीम ने पासपोर्ट ऑफिस के अंदर और आसपास के पूरे इलाके की बारीकी से जांच की। मॉल परिसर के अलग-अलग हिस्सों में भी तलाशी अभियान चलाया गया। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कुछ समय के लिए इलाके में सतर्कता बढ़ा दी गई। हालांकि कई घंटों तक चली जांच के दौरान कहीं से भी कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई। इसके बाद पुलिस ने कुछ राहत की सांस ली, लेकिन मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच जारी रखी गई है।

ईमेल भेजने वाले की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस अब उस ईमेल की तकनीकी जांच कर रही है, जिसके जरिए धमकी दी गई थी। साइबर टीम की मदद से मेल भेजने वाले व्यक्ति का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस मामले में अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।

पिछले सप्ताह सिविल कोर्ट को भी मिली थी धमकी

मालूम हो कि इससे पहले पिछले सप्ताह भी रांची में इसी तरह की धमकी सामने आई थी। उस समय रांची सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। अज्ञात व्यक्ति ने ईमेल भेजकर आरडीएक्स से विस्फोट करने की बात कही थी। उस घटना के बाद भी पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया था और कोर्ट परिसर में व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया था। हालांकि वहां भी कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली थी। लगातार मिल रही धमकियों के बाद रांची में सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई हैं और संवेदनशील स्थानों की निगरानी बढ़ा दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *