झारखंड में चढ़ने लगा गर्मी का पारा, 7 मार्च को बारिश की संभावना

Ranchi : झारखंड में मार्च की शुरुआत के साथ ही गर्मी का असर तेज होने लगा है. दिन के समय तापमान तेजी से बढ़ रहा है और कई जिलों में पारा सामान्य से ऊपर पहुंच गया है. मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल राज्य में मौसम शुष्क बना हुआ है, लेकिन आने वाले दिनों में कुछ जिलों में हल्की बारिश और गरज के साथ बारिश की संभावना है.
मौसम विभाग के अनुसार सबसे अधिक अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस चाईबासा में दर्ज किया गया. वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस गुमला में रिकॉर्ड किया गया. फिलहाल अधिकतम तापमान में अगले दो दिनों तक ज्यादा बदलाव नहीं होगा. इसके बाद धीरे-धीरे तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना है, जिससे दिन के समय गर्मी का असर और बढ़ सकता है.
हालांकि मौसम के इस बदलते रुख के बीच राज्य के कुछ जिलों में बारिश और गरज की भी संभावना जताई गई है. 7 मार्च को पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और सिमडेगा जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश या गरज के साथ बौछार पड़ सकती है. 8 मार्च को पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, पाकुड़ और साहिबगंज में मौसम बदलने की संभावना है.
9 मार्च को देवघर, दुमका, जामताड़ा, गोड्डा, गिरिडीह, पाकुड़, साहिबगंज, रांची, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, हजारीबाग, कोडरमा, गुमला, लोहरदगा और खूंटी जिलों में कहीं-कहीं गरज और वज्रपात के साथ हल्की बारिश हो सकती है.
रांची और आसपास के इलाकों में 5 और 6 मार्च को मौसम साफ और शुष्क रहने का अनुमान है. 7 से 9 मार्च के बीच आसमान में आंशिक बादल छा सकते हैं और कहीं-कहीं बारिश या गरज के साथ बौछार पड़ने की संभावना है.

