पलामू

सिगरेट नहीं मिलने पर युवकों ने दुकान में लगाई आग, लाखों का नुकसान

सिगरेट

Palamu : पलामू जिले से बेहद ही हैरान करने वाली घटना सामने आई है।यह मामला मेदिनीनगर सदर थाना क्षेत्र के सुआ गांव स्थित निराला टोला का है। जहां सिगरेट नहीं मिलने से नाराज कुछ युवकों ने एक किराना जनरल स्टोर में आग लगा दी। आगजनी की इस घटना में दुकान में रखा सामान और शादी के लिए खरीदा गया सामान समेत करीब 10 लाख रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

सिगरेट लेने पहुंचे थे चार युवक

दुकान मालिक राजेश कुमार गुप्ता ने बताया कि चार युवक उनकी दुकान पर सिगरेट लेने आए थे। उस समय दुकान बंद हो चुकी थी और सिगरेट भी खत्म हो गई थी। जब उन्होंने बाहर निकलकर युवकों से कहा कि दुकान बंद है और सिगरेट नहीं है, तो बगल के टोले के से आए युवक गाली-गलौज करने लगे। आरोप है कि उन्होंने मारपीट करने की भी कोशिश की। कुछ देर तक बहस होने के बाद युवक वहां से चले गए, लेकिन जाते-जाते धमकी भी दे गए।

कुछ ही देर बाद दुकान में लगी आग

राजेश गुप्ता के मुताबिक युवकों के जाने के कुछ ही देर बाद उनकी दुकान से धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। यह देखकर उन्होंने तुरंत सदर थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। स्थानीय लोगों ने भी आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक आग तेजी से फैल चुकी थी। आग की चपेट में आकर दुकान में रखा सामान, नकदी और अन्य सामग्री पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई।

शादी का सामान भी जलकर हुआ राख

दुकान मालिक ने बताया कि उनके भाई छोटू कुमार गुप्ता की शादी 11 मार्च को होने वाली है। शादी के लिए करीब डेढ़ लाख रुपये का सामान खरीदकर दुकान में रखा गया था, जो आग में जलकर राख हो गया। इसके अलावा दुकान में रखे करीब 80 हजार रुपये नकद भी आग में जल गए। कुल मिलाकर लगभग 10 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।

पुलिस से कार्रवाई की मांग

राजेश कुमार गुप्ता ने चारों युवकों पर दुकान में आग लगाने का आरोप लगाया है। उन्होंने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *