होली का त्योहार मातम में बदला, त्रिवेणी संगम में डूबने से दो किशोर की मौ’त

Giridih : होली के दिन गिरिडीह जिले में मातम पसर गया, घटना जिले के जमुआ और देवरी प्रखंड की सीमा पर स्थित गोदावरी त्रिवेणी संगम में नहाने के समय दो किशोर गहरे पानी में डूब गए, जिससे उनकी मौत हो गई।
होली खेलने के बाद नहाने के दौरान हादसा
जानकारी के अनुसार, मृतक करण कुमार उम्र 18 साल और दीपक कुमार उम्र 17 साल दोनों होली खेलने के बाद अपने दोस्तों के साथ त्रिवेणी संगम में नहाने गए थे। नहाने के दौरान दोनों नदी के गहरे हिस्से में चले गए और अचानक डूबने लगे। उनके साथ मौजूद दोस्तों ने उन्हें बचाने की कोशिश की और शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया, लेकिन तब तक दोनों किशोर पानी में समा चुके थे।
चार घंटे की मशक्कत के बाद शव निकाले गए
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण और युवक नदी में उतरकर खोजबीन में जुट गए। बाद में बेंगाबाद के खंडोली से गोताखोरों की टीम भी मौके पर पहुंची। लगभग चार घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद दोनों किशोरों के शव नदी से बाहर निकाले गए। परिजनों और ग्रामीणों की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित किया।
प्रशासन और पुलिस ने की कानूनी कार्रवाई
सूचना मिलने पर स्थानीय प्रशासन और पुलिस भी मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
ग्रामीणों ने उठाए सुरक्षा और लापरवाही के सवाल
घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से त्रिवेणी संगम पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और नदी के खतरनाक गहरे हिस्सों को चिह्नित करने की मांग की। कुछ ग्रामीणों का आरोप है कि अगर समय पर एनडीआरएफ की टीम पहुंच जाती, तो दोनों किशोरों की जान बचाई जा सकती थी लेकिन पुलिस प्रशासन के लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ है। उन्होंने वरीय अधिकारियों से मामले की जांच और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।
