रांची

होली को लेकर रांची पुलिस अलर्ट, शहर में निकाला फ्लैग मार्च

फ्लैग मार्च

Ranchi : होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से राजधानी रांची में मंगलवार को पुलिस प्रशासन की ओर से फ्लैग मार्च निकाला गया। सिटी एसपी पारस राणा और एसडीएम कुमार रजत के नेतृत्व में निकाले गए इस मार्च में बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल हुए। प्रशिक्षु आईपीएस साक्षी जमुआर और कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय भी फ्लैग मार्च में शामिल रहे। फ्लैग मार्च शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, बाजार क्षेत्रों तथा संवेदनशील इलाकों से होकर गुजरा। इस दौरान पुलिस ने आम नागरिकों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त बल तैनात

पुलिस प्रशासन की ओर से पूर्व में चिन्हित संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। साथ ही गश्ती दलों की संख्या बढ़ाई गई है। कंट्रोल रूम को भी अलर्ट मोड में रखा गया है ताकि किसी भी सूचना पर त्वरित कार्रवाई की जा सके। अधिकारियों ने बताया कि सोशल मीडिया पर भी निगरानी रखी जा रही है। भड़काऊ पोस्ट या अफवाह फैलाने वालों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

आमजन से सहयोग की अपील

फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से संवाद कर सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि होली आपसी प्रेम और भाईचारे का त्योहार है, इसे शांति और सद्भाव के साथ मनाया जाना चाहिए। पुलिस ने यह भी चेतावनी दी कि जबरन रंग लगाने, नशे में वाहन चलाने या सार्वजनिक व्यवस्था भंग करने की स्थिति में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *