चाईबासा में उत्पाद विभाग पर हमला, एएसआई गंभीर रूप से घायल

Chaibasa : मुफस्सिल थाना क्षेत्र के आरगुंडी गांव में उत्पाद विभाग की छापामारी टीम पर ग्रामीणों ने जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में एएसआई मंटू अग्रवाल गंभीर रूप से घायल हो गए। जब उत्पाद विभाग की 8-10 सदस्यों की टीम गुप्त सूचना के आधार पर अवैध शराब के कारोबार का पता लगाने गई थी।
छापामारी के दौरान अचानक हमला
जानकारी के अनुसार, टीम आरगुंडी गांव के एक घर में छापामारी कर रही थी। इसी दौरान शराब बनाने वाले एक व्यक्ति ने दावली से अचानक हमला कर दिया। मंटू अग्रवाल पर दावली के कई वार लगे और अन्य जवानों पर भी हमला करने की कोशिश की गई। जवान तेजी से घर से बाहर निकलकर सुरक्षित हुए, लेकिन हमले की खबर सुनकर गांव के अन्य ग्रामीण तीर-धनुष लेकर टीम को खदेड़ने पहुंचे। सब इंस्पेक्टर रामचंद्र ठाकुर ने बताया कि उत्पाद आयुक्त निरंजन तिवारी को गुप्त सूचना मिली थी कि चाईबासा-चक्रधरपुर मुख्य मार्ग के पास आरगुंडी गांव में अवैध शराब का निर्माण किया जा रहा है। इस सूचना के आधार पर टीम ने कार्रवाई की।
घायल का अस्पताल में इलाज
घायल मंटू अग्रवाल को तुरंत सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है। उत्पाद आयुक्त निरंजन तिवारी भी अस्पताल पहुंचे और उन्हें बेहतर इलाज सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
घटना की जानकारी मिलते ही मुफस्सिल थाना प्रभारी विनोद कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने हमले में शामिल आरोपी को हथियार सहित गिरफ्तार कर लिया है, हालांकि इस पर आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है।
