रांची

CM हेमंत सोरेन की पहल पर टाटा समूह का बड़ा निवेश, रांची में खुलेंगे नए होटल

CM हेमंत सोरेन की पहल पर टाटा समूह का बड़ा निवेश, रांची में खुलेंगे नए होटल

Ranchi: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और टाटा समूह के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन के बीच आज एक महत्वपूर्ण औपचारिक मुलाकात हुई. मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में राज्य के विकास और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई.

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने टाटा समूह के चेयरमैन का स्वागत करते हुए कहा कि टाटा समूह का झारखंड के साथ बहुत पुराना और गहरा संबंध रहा है. उन्होंने कहा कि टाटा समूह ने अपने औद्योगिक सफर की शुरुआत झारखंड की धरती से की थी और आज यह समूह देश ही नहीं बल्कि दुनिया में अपनी अलग पहचान बना चुका है. मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में यह साझेदारी और मजबूत होगी.

टाटा समूह के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने कहा कि मुख्यमंत्री के साथ लगभग दो घंटे तक सकारात्मक और विस्तृत चर्चा हुई. इस दौरान राज्य के विकास, निवेश और नई संभावनाओं पर बात की गई.

प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी दी गई कि टाटा समूह झारखंड में होटल क्षेत्र में विस्तार की योजना बना रहा है. इसकी शुरुआत रांची से होगी और बाद में अन्य शहरों में भी नए होटल खोलने पर विचार किया जाएगा. इसके साथ ही राज्य में स्किल डेवलपमेंट पर विशेष जोर दिया जाएगा. चेयरमैन ने कहा कि युवाओं को रोजगार के योग्य बनाने के लिए कौशल विकास कार्यक्रमों को बड़े स्तर पर आगे बढ़ाया जाएगा.

उन्होंने बताया कि झारखंड में पहले से टाटा का बड़ा स्टील प्लांट कार्यरत है और टाटा मोटर्स तथा टाटा ऑटो कंपोनेंट्स जैसी इकाइयां भी सक्रिय हैं. उन्होंने कहा कि झारखंड में काम करना उनके लिए घर जैसा है और टाटा समूह राज्य के विकास में निरंतर सहयोग करता रहेगा.

कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सभी राज्यवासियों को होली की शुभकामनाएं दीं और कहा कि यह त्योहार आपसी भाईचारे और खुशहाली का प्रतीक है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *