कोडरमा

कोडरमा में गैस टैंकर और गाड़ी की टक्कर ने ली बुजुर्ग की जान, 10 घायल

हादसा

Koderma : कोडरमा में एक भीषण सड़क हादसा हो गया। घटना जिले के चंदवारा थाना क्षेत्र उरवां मोड़ के पास हुआ था, जब हजारीबाग से कोडरमा होते हुए बिहार जा रहा एलपीजी टैंकर अचानक अनियंत्रित हो गया और सवारी गाड़ी से टकरा गया। हादसे में 70 साल के रूपलाल सिंह की मौत हो गई, जबकि 10 अन्य लोग घायल हुए हैं।

कैसे हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, झुमरी तिलैया से सवारी लेकर एक वाहन तिलैया डैम की ओर जा रहा था। जैसे ही गाड़ी उरवां मोड़ के पास पहुंची, सामने से आ रहा टैंकर दूसरे लेन में घुस गया और अपना नियंत्रण खो बैठा। टैंकर ने पहले सवारी गाड़ी को टक्कर मारी, उसके बाद फुटपाथ पर लगी दुकानों और दुकानदारों को अपनी चपेट में लिया। कुछ मोटरसाइकिल सवार भी टैंकर की चपेट में आ गए।

बचाव कार्य और पुलिस की कार्रवाई

सूचना मिलते ही चंदवारा थाना की पेट्रोलिंग पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को सदर अस्पताल, कोडरमा भेजा गया। इलाज के दौरान रूपलाल सिंह की मौत हो गई। अन्य घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। टैंकर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने टैंकर को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *