रामगढ

रामगढ़ में दानी यादव हत्याकांड का खुलासा, हथियार संग एक आरोपी गिरफ्तार

हत्याकांड

Ramgarh : रामगढ़ जिले के माण्डू (कुज्जू) थाना क्षेत्र में पिछले साल हुए चर्चित दानी यादव हत्याकांड और लूट मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसपी अजय कुमार के निर्देश पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए इस केस में शामिल एक शातिर अपराधी को अवैध हथियार और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अभिषेक कुमार उर्फ अभिषेक पासवान के रूप में हुई है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और उम्मीद है कि मामले में और खुलासे हो सकते हैं।

क्या था पूरा मामला?

एसपी अजय कुमार ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि घटना 21 मई 2025 की रात की है। उस रात भलुआना निवासी सुधीर यादव के पिता दानी यादव अपने चक्की मिल सह आवास पर थे। इसी दौरान अज्ञात अपराधियों ने उनका मुंह दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद अपराधी घर में रखी नकदी लेकर फरार हो गए। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। मामले में माण्डू (कुज्जू) थाना कांड संख्या-128/2025 दर्ज किया गया था और पुलिस जांच में जुट गई थी।

ऐसे सुलझी हत्याकांड की गुत्थी

मामले में बड़ा मोड़ 6 जनवरी को आया, जब पुलिस ने एक अन्य केस में नकुल कुमार चौहान उर्फ बिजली को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान नकुल ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने स्वीकार किया कि उसने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर दानी यादव की हत्या और लूट की घटना को अंजाम दिया था। नकुल की निशानदेही पर पुलिस ने आगे कार्रवाई की और अब अभिषेक कुमार उर्फ अभिषेक पासवान को हथियार और कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया गया।

आगे की जांच जारी

पुलिस का कहना है कि इस केस में और भी लोगों की संलिप्तता हो सकती है। फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है। फिलहाल पुलिस इस खुलासे को बड़ी कामयाबी मान रही है, लेकिन पूरे नेटवर्क को पकड़ना अभी बाकी है। इलाके के लोग भी उम्मीद कर रहे हैं कि जल्द ही सभी आरोपी सलाखों के पीछे होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *