बतियातु में सफाई ड्राइव के दौरान बवाल, पूर्व पार्षद पर टीम से दुर्व्यवहार का आरोप

Ranchi : रांची के बतियातु इलाके में गुरुवार को सफाई और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान अचानक माहौल गरमा गया। नगर निगम की टीम इलाके में नियमित ड्राइव चला रही थी। सड़कों के किनारे जमा कचरा हटाया जा रहा था और फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण को चिन्हित किया जा रहा था। इसी दौरान पूर्व पार्षद मोहम्मद जावेद वहां पहुंचे और टीम के साथ उनकी कहासुनी हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बात इतनी बढ़ी कि माहौल तनावपूर्ण हो गया। आरोप है कि पूर्व पार्षद ने टीम के सदस्यों से तीखी बहस की और दुर्व्यवहार किया।
देखते ही देखते जुट गई भीड़
घटना की खबर फैलते ही आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। कुछ लोग टीम के समर्थन में थे तो कुछ स्थानीय लोगों की परेशानियों की बात कर रहे थे। माहौल कुछ देर के लिए पूरी तरह गरम हो गया। हालांकि मौजूद अधिकारियों और स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव किया और समझा-बुझाकर मामला शांत कराया।
क्या थी कार्रवाई
बताया जा रहा है कि रांची नगर निगम की टीम बतियातु में सफाई अभियान और अतिक्रमण हटाने की संयुक्त कार्रवाई कर रही थी। निगम की ओर से पहले ही इलाके में नोटिस जारी किए गए थे। टीम का कहना है कि यह रूटीन ड्राइव थी और शहर को साफ-सुथरा रखने के लिए नियमित रूप से ऐसे अभियान चलाए जा रहे हैं।
वीडियो हुआ वायरल
घटना का किसी ने वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर हो रहा है। वीडियो में टीम और पूर्व पार्षद के बीच तीखी बहस साफ नजर आ रही है। हालांकि वीडियो के आधार पर पूरे घटनाक्रम की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
