वेतन खाता पैकेज को लेकर झारखंड सरकार–पीएनबी के बीच एमओयू, मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन रहे शामिल
रांची। झारखंड सरकार और पंजाब नैशनल बैंक के बीच राज्य सरकार कर्मचारियों के वेतन खाता पैकेज को लेकर महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। झारखंड मंत्रालय स्थित सभागार में आयोजित इस समारोह में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने वित्त विभाग, झारखंड सरकार द्वारा तैयार किए गए “झारखंड कुबेर डैशबोर्ड” का भी शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि बैंकिंग व्यवस्था आज के दौर में केवल लेन-देन तक सीमित नहीं है, बल्कि व्यवसाय, कृषि, ग्रामीण विकास और सामाजिक सरोकारों से भी गहराई से जुड़ी हुई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार और पंजाब नेशनल बैंक के बीच यह समझौता एक नए अध्याय की शुरुआत है। राज्य सरकार के कर्मचारियों की आर्थिक गतिविधियों में बैंक की अहम भूमिका होती है। उन्होंने विश्वास जताया कि पीएनबी अपने दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन करते हुए राज्य सरकार के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करेगा, जिससे कर्मचारियों के साथ-साथ आम नागरिकों को भी लाभ मिलेगा।
उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि इससे पूर्व राज्य सरकार अन्य बैंकों के साथ भी एमओयू कर चुकी है और उन समझौतों के अनुरूप कार्य आगे बढ़ाए जा रहे हैं। यह नया समझौता वित्तीय सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं पारदर्शी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
समारोह में वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी, मंत्री संजय प्रसाद यादव, मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, पीएनबी के महाप्रबंधक आशीष कुमार चतुर्वेदी, मंडल प्रमुख अवधेश झा सहित राज्य सरकार और बैंक के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने सभी अधिकारियों और कर्मियों को शुभकामनाएं देते हुए इस साझेदारी को राज्य के वित्तीय प्रबंधन को नई दिशा देने वाला बताया।
