रांची

एयर एम्बुलेंस हासदे पर सीएम हेमंत ने जताया दुख, प्रभावित परिवारों को मदद का किया ऐलान

एम्बुलेंस

Ranchi : रांची से दिल्ली जा रहे एयर एम्बुलेंस के दुर्घटनाग्रस्त होने पर सीएम हेमंत सोरेन ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने इस घटना को बेहद हृदयविदारक बताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति अपनी संवेदना प्रकट की। इस हादसे में 7 लोगों की जान चली गई, जिनमें पायलट, मेडिकल स्टाफ और मरीज शामिल बताए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह राज्य के लिए बहुत दुखद क्षण है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्माओं को शांति मिले और शोक संतप्त परिवारों को इस कठिन समय में धैर्य और शक्ति प्रदान हो। उन्होंने साफ कहा कि राज्य सरकार हर प्रभावित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है।

जानकारी के अनुसार, एयर एम्बुलेंस रांची से दिल्ली के लिए रवाना हुआ था। उड़ान के कुछ समय बाद ही विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर सामने आई। हादसे की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। मलबे से सभी शवों को बरामद कर लिया गया है और पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी गई है।

सरकार की ओर से प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद देने का आश्वासन दिया गया है। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि पीड़ित परिवारों तक तुरंत सहायता पहुंचाई जाए। मुआवजे को लेकर भी जल्द निर्णय लिए जाने की बात कही गई है।

प्रारंभिक जानकारी में तकनीकी खराबी या खराब मौसम को हादसे की संभावित वजह बताया जा रहा है, हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। विशेषज्ञों की टीम दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *