कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने ग्रामीण महिलाओं संग की धान रोपनी, खेत में दिखी जीवंतता और उत्सव का माहौल
रांची, 18 जुलाई। झारखंड की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने शुक्रवार को चान्हो प्रखंड के रघुनाथपुर गांव में महिलाओं के साथ मिलकर धान रोपनी की। सावन की झमाझम बारिश के बीच मंत्री खुद पानी से भरे खेत में उतरीं और परंपरागत लोकगीतों व रीति-रिवाजों के साथ चल रहे रोपनी कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
ग्रामीण महिलाओं ने जब खेत में मंत्री को अपने साथ देखा, तो उनके चेहरों पर आश्चर्य और खुशी साफ झलक रही थी। मंत्री ने भी पूरी आत्मीयता से रोपनी में हाथ बंटाया, जिससे महिलाओं में उत्साह और बढ़ गया।
ग्रामीण महिला जॉनी उरांव ने कहा, “हमने पहले भी देखा है कि शिल्पी दीदी धान कटनी और रोपनी के समय हमारे गांव आती हैं। वो हमारे बीच की हैं और हमें गर्व होता है कि मंत्री होकर भी वो हमारे साथ खेत में काम करती हैं।”
अनीता उरांव ने कहा, “मंत्री जी के साथ खेत में काम करना ऐसा लगा जैसे घर की कोई सदस्य हमारे साथ हो।”
मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि झारखंड की खेती महिलाओं की मेहनत से जीवित है। उन्होंने कहा कि, “यह रोपनी का समय केवल मेहनत नहीं, बल्कि सहयोग, उत्सव और प्रकृति से जुड़ाव का समय होता है।”
