Ranchi में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक, नए आपराधिक कानूनों के सख्त अनुपालन के निर्देश

रांची : राजधानी रांची स्थित पुलिस मुख्यालय में शुक्रवार को अहम समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता झारखंड की डीजीपी Tadasha Mishra और गृह मंत्रालय, भारत सरकार की संयुक्त सचिव (आंतरिक सुरक्षा-11) Nishtha Tiwari ने की।
बैठक का मुख्य फोकस नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन पर रहा। इस दौरान
Bharatiya Nyaya Sanhita 2023
Bharatiya Nagarik Suraksha Sanhita 2023
Bharatiya Sakshya Adhiniyam 2023
के प्रावधानों की विस्तार से समीक्षा की गई। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि प्रत्येक मामले का अनुसंधान निर्धारित समयसीमा में पूरा किया जाए और नई कानूनी व्यवस्थाओं को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू किया जाए।
ई-साक्ष्य ऐप और डिजिटल जांच पर जोर
बैठक में ई-साक्ष्य ऐप के उपयोग को लेकर जिलों से आ रही तकनीकी चुनौतियों पर चर्चा हुई। निष्ठा तिवारी ने कहा कि डिजिटल साक्ष्य अब जांच प्रक्रिया का अहम हिस्सा है, इसलिए तकनीकी खामियों को शीघ्र दूर किया जाए। जरूरत पड़ने पर फॉरेंसिक टीम की मदद लेने और वैज्ञानिक जांच पद्धति अपनाने पर भी बल दिया गया।
साइबर क्राइम, आतंकवाद निरोध, ड्रग नियंत्रण, आपदा प्रबंधन, पुलिस आधुनिकीकरण और विदेशी नागरिकों की वैधता से जुड़े मामलों की भी समीक्षा की गई। पुलिस की कार्यप्रणाली को और अधिक दक्ष व पारदर्शी बनाने के लिए सुझाव दिए गए।
वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी
बैठक में CDTI Chandigarh के उप-प्रधानाचार्य Dr. Shahil Arora, एसआईबी रांची के संयुक्त निदेशक, डायरेक्टोरेट ऑफ प्रोसिक्युशन के निदेशक तथा झारखंड स्वास्थ्य सेवाओं के निदेशक सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। विभिन्न रेंज के महानिरीक्षक और अन्य वरीय पदाधिकारियों ने भी भाग लिया।
स्पष्ट संदेश : देरी नहीं होगी बर्दाश्त
बैठक का स्पष्ट संदेश रहा कि जांच में अनावश्यक देरी अब स्वीकार्य नहीं होगी। प्रत्येक कांड में वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाते हुए आधुनिक तकनीक का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित किया जाए। साथ ही ई-साक्ष्य ऐप का सुरक्षित और प्रभावी इस्तेमाल अनिवार्य रूप से किया जाए।
इस उच्चस्तरीय बैठक ने साफ संकेत दिया कि राज्य में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत तथा जवाबदेह बनाने की दिशा में सरकार गंभीर है।
